नई तैनाती, नई जिम्मेदारी: फतेहपुर सीकरी में नये पुलिस जवानों को बुलंद दरवाजा से सिखाया गया कर्तव्य और व्यवहार का पाठ

ट्रेनिंग पूरी कर थानों में पहुंचे नए पुलिस जवानों को फतेहपुर सीकरी में जिम्मेदारियों का पाठ पढ़ाया गया। ऐतिहासिक स्थलों के बीच उन्हें कानून व्यवस्था के साथ जनता से संवाद और व्यवहार की बारीकियां समझाई गईं।

Apr 28, 2026 - 21:27
 0
नई तैनाती, नई जिम्मेदारी: फतेहपुर सीकरी में नये पुलिस जवानों को बुलंद दरवाजा से सिखाया गया कर्तव्य और व्यवहार का पाठ
फतेहपुर सीकरी के बुलंद दरवाजे पर पुलिस के वे जवान जो हाल ही में भर्ती हुए हैं।

-महावीर सिंह वर्मा-

फतेहपुर सीकरी (आगरा)। फतेहपुर सीकरी कोतवाली में हाल ही में उत्तर प्रदेश के विभिन्न ट्रेनिंग सेंटर से पास आउट होकर आए पुलिस जवानों की नई तैनाती के बाद उन्हें स्थानीय स्तर पर जागरूक और जिम्मेदार बनाने की पहल की गई।

थाने पर प्रभारी निरीक्षकों द्वारा सभी महिला एवं पुरुष आरक्षियों को आम जनता से संवाद स्थापित करने, क्षेत्र की छोटी-बड़ी जानकारी रखने और कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभालने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ऐतिहासिक धरोहरों के बीच दी गई ट्रेनिंग
इसी क्रम में थाना फतेहपुर सीकरी के प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर ने सभी नव-तैनात सिपाहियों को बुलंद दरवाजा सहित अन्य ऐतिहासिक इमारतों का अवलोकन कराया।

उन्होंने जवानों को बताया कि फतेहपुर सीकरी न केवल ऐतिहासिक महत्व का क्षेत्र है, बल्कि यहां पर्यटकों की आवाजाही भी अधिक रहती है, इसलिए पुलिस का व्यवहार और सतर्कता दोनों बेहद महत्वपूर्ण हैं।

जनता के प्रति व्यवहार और जिम्मेदारी पर जोर
प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर ने सिपाहियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने हल्के और बीट क्षेत्र की पूरी जानकारी रखें और जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें।

उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के साथ उसके व्यवहार से बनती है, इसलिए हर परिस्थिति में संयम और जिम्मेदारी का परिचय देना जरूरी है।

स्थानीय जानकारी से मजबूत होगी पुलिसिंग
बैठक और भ्रमण के दौरान जवानों को क्षेत्र के प्रमुख स्थानों, संवेदनशील इलाकों और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी भी दी गई, ताकि वे मौके पर बेहतर निर्णय ले सकें और अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

SP_Singh AURGURU Editor