इनर व्हील क्लब आगरा मिडटाउन की नई टीम ने संभाली कमान, पदस्थापना समारोह में सेवा संकल्प के साथ समाजसेवा के नए अभियान शुरू
आगरा। सेवा, समर्पण और महिला नेतृत्व की भावना के साथ इनर व्हील क्लब आगरा मिडटाउन का 49वाँ पदस्थापना समारोह पी.एल. पैलेस, एम.जी. रोड पर गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने शपथ लेकर पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर क्लब ने समाजसेवा को प्राथमिकता देते हुए दो आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की एक वर्ष की स्कूल फीस, एक जरूरतमंद युवती को सिलाई मशीन तथा दो जरूरतमंद मरीजों के डायलिसिस उपचार के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर सेवा का संकल्प भी दोहराया।
समारोह की मुख्य अतिथि एसोसिएशन वाइस प्रेसिडेंट श्रीमती सोनल बंसल रहीं। मुख्य विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेविका श्रीमती मधु बघेल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पास्ट एसोसिएशन सेक्रेटरी श्रीमती नीलू धाकरे और पास्ट डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन श्रीमती मंजू जैन उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 की अध्यक्ष श्रीमती रचना जिंदल ने अपने कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर में किए गए सेवा एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद वर्ष 2026-27 के लिए श्रीमती पिंकी जैन ने अध्यक्ष तथा श्रीमती जयश्री अग्रवाल ने सचिव पद की शपथ लेकर नई कार्यकारिणी के साथ औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
समारोह में क्लब की ओर से समाजहित के कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। आर्थिक रूप से कमजोर दो विद्यार्थियों की एक वर्ष की संपूर्ण विद्यालय शुल्क (स्कूल फीस) का दायित्व क्लब ने अपने ऊपर लिया। इसके साथ ही एक जरूरतमंद युवती को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन भेंट की गई, ताकि वह आत्मनिर्भर बन सके।
इसके अलावा क्लब ने दो जरूरतमंद मरीजों के डायलिसिस उपचार के लिए एक वर्ष तक प्रति माह 600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की तथा सहायता राशि भी उपलब्ध कराई। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
समारोह में श्रीमती पुष्पा अग्रवाल, श्रीमती शशिकांता, श्रीमती मधु बंसल और श्रीमती निर्मला अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों एवं इनर व्हील क्लब की सदस्याओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती रमा माहेश्वरी ने किया, जबकि श्रीमती सुमन सुराना ने मुख्य विशिष्ट अतिथि श्रीमती मधु बघेल का सम्मान किया। समारोह का समापन नई कार्यकारिणी को शुभकामनाओं और समाजसेवा के संकल्प के साथ हुआ।