गरीब बच्चों के सपनों को मिली नई उड़ान, लक्ष्य आगरा ने गांव में शुरू की नवोदय-सैनिक स्कूल में प्रवेश की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग, पुस्तकें बांटीं

फतेहपुर सीकरी। ग्रामीण अंचल के गरीब किसान और मजदूर परिवारों के मेधावी छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य से जोड़ने की दिशा में अखिल भारतीय लोधी एंप्लाइज एसोसिएशन (लक्ष्य आगरा) ने सराहनीय पहल की है। संस्था ने फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पतसाल में नवोदय विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय तथा सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था शुरू करते हुए छात्र-छात्राओं को शिक्षण सामग्री और पुस्तकें वितरित कीं।

Jun 13, 2026 - 21:47
 0
गरीब बच्चों के सपनों को मिली नई उड़ान, लक्ष्य आगरा ने गांव में शुरू की नवोदय-सैनिक स्कूल में प्रवेश की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग, पुस्तकें बांटीं
लक्ष्य आगरा की ओर से गांव में पुस्तकों को पाने वाले बच्चों के साथ संस्था के पदाधिकारी।

शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए चयन परीक्षा आयोजित की गई, जिसके आधार पर लगभग दो दर्जन छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। इन विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा से पूर्व नियमित प्रशिक्षण देकर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा।

लक्ष्य आगरा के जिलाध्यक्ष इंजीनियर किशोरी सिंह ने बताया कि संस्था शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। फतेहपुर सीकरी के साथ-साथ अछनेरा ब्लॉक के बयारा, नगला अरुआ खास तथा देहतोरा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी निःशुल्क कोचिंग संचालित की जा रही है। प्रशिक्षित अध्यापकों द्वारा प्रतिदिन एक घंटे की नियमित कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके।

उन्होंने कहा कि संस्था का सर्वसम्मत निर्णय है कि यदि गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को सही दिशा और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिले तो वे केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। इससे अभिभावकों पर उच्च शिक्षा का आर्थिक बोझ भी कम होगा और बच्चों का भविष्य सुरक्षित एवं उज्ज्वल बनेगा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ संरक्षक इंजीनियर सतीश राजपूत, नवोदय विद्यालय के प्रवक्ता सुरेश चंद्र राजपूत, ऑडिटर बी.पी. सिंह, रेलवे से सेवानिवृत्त इंजीनियर देवी सिंह राजपूत, सोहनलाल लोधी, सेवानिवृत्त प्रबंधक कोमल सिंह राजपूत, मीडिया प्रभारी महावीर सिंह वर्मा, प्रेमपाल लोधी, हेमंत राजपूत, किशन सिंह राजपूत तथा विद्यालय के शिक्षक जगन्नाथ लोधी ने छात्र-छात्राओं को शिक्षण सामग्री प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor