शादी के चार महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, मायके वालों ने लगाया फंदे पर लटकाकर हत्या का आरोप
-आरके सिंह- बरेली। बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के तर्जुआ गांव में शादी के करीब चार महीने बाद 24 वर्षीय नवविवाहिता संगीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और फंदे पर लटकाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पति धारा सिंह और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या समेत मौत के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
चार महीने पहले हुई थी शादी
पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्रा के अनुसार घटना भोजीपुरा थाना क्षेत्र के तर्जुआ गांव की है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय संगीता के रूप में हुई है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के अहमदाबाद गांव निवासी अवदेश ने बताया कि उनकी ममेरी बहन संगीता की शादी करीब चार महीने पहले तर्जुआ गांव निवासी धारा सिंह के साथ हुई थी।
दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही संगीता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इसे लेकर ससुराल में उसका विवाद भी होता था। गुरुवार रात संगीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने के बाद मायके वाले तर्जुआ गांव पहुंचे।
फंदे पर लटकाकर हत्या का आरोप
मायके पक्ष के परिजनों ने आरोप लगाया कि संगीता की फंदे पर लटकाकर हत्या की गई है। उनका यह भी आरोप है कि घटना के बारे में उन्हें तत्काल सूचना नहीं दी गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर भोजीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति धारा सिंह और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस के मुताबिक मामले में आत्महत्या समेत मौत के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मायके पक्ष की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।