जननायक एक्सप्रेस में ‘70 बच्चों की तस्करी’ की खबर से बरेली जंक्शन पर मचा हड़कंप, हाई-वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकली सच्चाई
-आरके सिंह- बरेली। जननायक एक्सप्रेस में करीब 70 बच्चों की कथित तस्करी की सूचना से गुरुवार को बरेली जंक्शन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल हाई-अलर्ट जारी कर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हालांकि गहन जांच के बाद यह आशंका पूरी तरह निराधार साबित हुई और सभी बच्चे अपने-अपने अभिभावकों के साथ सुरक्षित पाए गए।
हेल्पलाइन नंबर पर सूचना से मचा हड़कंप
बरेली जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के अनुसार, जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर पर सूचना मिली कि दरभंगा से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में लगभग 70 बच्चों को संदिग्ध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही नई दिल्ली स्थित टीम ने बदायूं में संचालित काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान को अलर्ट किया।
तुरंत शुरू हुआ संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना की गंभीरता को देखते हुए बरेली जंक्शन पर स्टेशन अधीक्षक, आरपीएफ थाना प्रभारी, जीआरपी थाना प्रभारी, एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट), चाइल्ड लाइन टीम और काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान की टीम मौके पर पहुंची। सभी एजेंसियों ने मिलकर ट्रेन में सघन चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्ध बच्चों को चिन्हित कर पूछताछ शुरू की।
दस्तावेज जांच के बाद साफ हुई स्थिति
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बच्चों के साथ मौजूद अभिभावकों से आधार कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच में सभी बच्चे अपने माता-पिता या वैध अभिभावकों के साथ पाए गए। इसके बाद संभावित बाल तस्करी की आशंका पूरी तरह खारिज कर दी गई।
अफवाह निकली बेबुनियाद, प्रशासन सतर्क
पूरी कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह सूचना भ्रामक थी, लेकिन संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करना जरूरी था। प्रशासन की सतर्कता से एक संभावित बड़ी घटना की आशंका को समय रहते स्पष्ट कर दिया गया।