आगरा कॉलेज में एनएचआरसी प्रतिनिधि का औचक निरीक्षण: हॊस्टल व्यवस्थाओं ने जीता दिल, पूर्व छात्र उपेंद्र बघेल ने बांधे तारीफों के पुल, 1983-84 की यादों से जुड़ा गौरव- सप्रू हॉस्टल से निकले छात्र ने आईआईटी से आईपीएस तक का सफर सुनाया

आगरा। शहर के ऐतिहासिक आगरा कॉलेज में उस समय खास माहौल देखने को मिला, जब नेशनल ह्यूमैन राइट्स कमीशन, नई दिल्ली के उत्तर प्रदेश के विशेष प्रतिनिधि एवं आईपीएस अधिकारी उपेंद्र सिंह बघेल ने यहां का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न छात्रावासों में व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और उन्हें सराहनीय बताया।

Apr 21, 2026 - 18:17
 0
आगरा कॉलेज में एनएचआरसी प्रतिनिधि का औचक निरीक्षण: हॊस्टल व्यवस्थाओं ने जीता दिल, पूर्व छात्र उपेंद्र बघेल ने बांधे तारीफों के पुल, 1983-84 की यादों से जुड़ा गौरव- सप्रू हॉस्टल से निकले छात्र ने आईआईटी से आईपीएस तक का सफर सुनाया
आगरा कॊलेज के एक हॊस्टल में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के उत्तर प्रदेश प्रतिनिधि एवं आईपीएस अधिकारी उपेंद्र बघेल। साथ हैं कॊलेज के शिक्षकगण।

छात्रावासों का दौरा, व्यवस्थाओं पर संतोष

निरीक्षण के दौरान श्री बघेल ने रानी लक्ष्मीबाई महिला छात्रावास, सप्रू छात्रावास, बी.एन. हॉस्टल और केडी हॉस्टल सहित कई छात्रावासों का भ्रमण किया। उन्होंने वहां रह रहे छात्रों को उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और अनुशासन को देखकर संतोष व्यक्त किया और कॉलेज प्रशासन की प्रशंसा की।

छात्र जीवन की यादें- कमरा नंबर 5 से आईपीएस तक का सफर

निरीक्षण के दौरान श्री बघेल भावुक भी नजर आए। उन्होंने बताया कि वर्ष 1983-84 में वे इसी कॉलेज के छात्र रहे और सप्रू छात्रावास के कमरा नंबर 5 में रहते थे। उन्होंने तत्कालीन वॉर्डन डॉ. मुख्त्यार सिंह के अनुशासन को याद करते हुए कहा कि उसी सख्त और सकारात्मक माहौल ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने बताया कि इसी अनुशासन का परिणाम था कि उनका चयन पहले ही प्रयास में आईआईटी कानपुर में हुआ और बाद में वे आईपीएस (कर्नाटक कैडर) में चयनित हुए।

वर्तमान व्यवस्था पर जताया संतोष, सहयोग का भरोसा

श्री बघेल ने आगरा कॉलेज की वर्तमान व्यवस्थाओं और सुविधाओं को उत्कृष्ट बताते हुए कहा कि संस्थान लगातार प्रगति कर रहा है।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में छात्रावासों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए वे सरकारी स्तर पर सहयोग दिलाने का प्रयास करेंगे। साथ ही, कॉलेज द्वारा आमंत्रित किए जाने पर शिक्षकों और छात्रों के साथ संवाद के लिए हमेशा उपलब्ध रहने की बात कही।

प्राचार्य ने किया स्वागत

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने श्री बघेल का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान उप प्राचार्य डॉ. पीबी झा, चीफ वॉर्डन डॉ. एके सिंह, प्रो. भूपेंद्र चिकारा, प्रो. कल्पना चतुर्वेदी, शशिकांत पांडेय, डॉ. विकास सिंह, डॉ. फिरोज अंसारी, डॉ. हेमराज सिंह चौहान और डॉ. दिनेश मौर्य मौजूद रहे।
सभी ने अपने-अपने छात्रावासों की व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी दी।

प्राचार्य कार्यालय में उप प्राचार्य डॉ. पी. बी. झा, प्रो. मृणाल शर्मा और प्रो. पूनम चांद ने श्री बघेल का औपचारिक स्वागत और अभिनंदन किया।

SP_Singh AURGURU Editor