जेडीयू में निशांत 'युग' की शुरुआत,  भव्य तरीके से ली पार्टी की सदस्यता,  नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर भी तोड़ी चुप्पी

सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज जेडीयू में शामिल हो गए। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई। सदस्यता लेने पर निशांत कुमार ने पिता के राज्यसभा जाने पर भी बयान दिया।

Mar 8, 2026 - 14:51
 0
जेडीयू में निशांत 'युग' की शुरुआत,  भव्य तरीके से ली पार्टी की सदस्यता,  नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर भी तोड़ी चुप्पी

पटना। बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू)  से आज की सबसे बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार आधिकारिक तौर पर सक्रिय राजनीति में उतर गए हैं। पटना में जेडीयू दफ्तर के कर्पूरी ठाकुर सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गाजे-बाजे और काफी भव्य तरीके से वह पार्टी में शामिल हो गए। इस ंौके को यादगार बनाने में पार्टी ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। निशांत कुमार को संजय झा ने पार्टी की टोपी और गले में पट्टिका डाली। सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने पिता निशांत के राज्यसभा जाने पर भी बयान दिया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर विपक्षी दल लगातार बीजेपी पर हमला बोल रहे हैं। राबड़ी देवी-तेजस्वी यादव कह रहे हैं बीजेपी ने उन्हें जबरन राज्यसभा भेजा है। अब विपक्ष के आरोपों पर निशांत कुमार ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। निशांत कुमार ने कहा, 'मेरे पिताजी ने राज्यसभा जाने का जो निर्णय लिया है, वह उनका निजी फैसला है। मैं उनके इस फैसले का पूर्ण रूप से सम्मान करता हूं और उसे स्वीकार करता हूं।'

इसके पहले निशांत कुमार ने जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताएं भी बताईं। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता के पिछले 20 वर्षों के शासनकाल में हुए विकास कार्यों और उनके विजन को बिहार की जनता के बीच ले जाएंगे। निशांत ने भावुक होते हुए कहा, 'मैं पिता जी के काम को आगे बढ़ाने की कोशिश करूंगा और पार्टी की मजबूती के लिए समर्पित रहूंगा।'

काफी लंबे वक्त से निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने की अटकलें चल रही थी। निशांत कुमार की सदस्यता के लिए आज 8 मार्च का दिन तय किया गया था। आज निशांत ने आधिकारिक तौर से जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली।


निशांत कुमार के राजनीति में आने पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार को जेडीयू के नेतृत्व के लिए बहुत पहले ही राजनीति में आ जाना चाहिए था। पप्पू यादव ने कहा, 'निशांत कुमार देर आए लेकिन दुरुस्त आए। वह जेडीयू को एकजुट रखने और नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को बरकरार रखने में सक्षम साबित होंगे।'