बरेली के मनौना धाम से अपह्रत डेढ़ वर्षीय मासूम का 60 हजार में सौदा, दिल्ली ले जाकर बेचने की थी तैयारी, पुलिस मुठभेड़ में दोनों अपहरणकर्ताओं के पैरों में लगी गोली, एक आरोपी नर्सिंग का छात्र

-आरके सिंह-  बरेली। जिले के मनौना धाम से अपहृत डेढ़ वर्षीय मासूम को पुलिस ने नाटकीय मुठभेड़ के बाद सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे को कथित तौर पर दिल्ली में 60 हजार रुपये में बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने पीछा कर दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया, जिनके पैरों में जवाबी फायरिंग के दौरान गोली भी लगी। इस सनसनीखेज मामले में बच्चा चोरी कर निःसंतान दंपतियों को बेचने वाले गिरोह का भी खुलासा हुआ है।

May 27, 2026 - 18:55
 0
बरेली के मनौना धाम से अपह्रत डेढ़ वर्षीय मासूम का 60 हजार में सौदा, दिल्ली ले जाकर बेचने की थी तैयारी, पुलिस मुठभेड़ में दोनों अपहरणकर्ताओं के पैरों में लगी गोली, एक आरोपी नर्सिंग का छात्र
पुलिस द्वारा बरामद किया गया बच्चा अपनी मां की गोद में। साथ में हैं पुलिस अधीक्षक और बच्चे को बरामद करने वाली टीम।

मामला आंवला थाना क्षेत्र का है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के सरगना की तलाश में जुट गई है, जिसकी लोकेशन लखीमपुर खीरी बताई जा रही है।

मनौना धाम से खेलते समय गायब हुआ था मासूम

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि रविवार को रमन नामक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि वह मनौना धाम में सफाई कर्मचारी है। रविवार सुबह उसके तीनों बच्चे खेलते हुए सड़क की ओर निकल गए थे। कुछ देर बाद दो बच्चे वापस लौट आए, लेकिन डेढ़ वर्षीय छोटा बच्चा लापता हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, सर्विलांस और आंवला पुलिस की पांच संयुक्त टीमें बनाई गईं।

सीसीटीवी और सर्विलांस से खुला पूरा खेल

पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, डंप डाटा विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने शुरू किए। जांच में दो संदिग्धों की संलिप्तता सामने आई।

मंगलवार-बुधवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी बच्चे को बाइक से दिल्ली बेचने ले जा रहे हैं और फुलासी तिराहे से गुजरने वाले हैं।

बाइक फिसली, झाड़ियों में गिरा बच्चा

सूचना के बाद पुलिस ने फुलासी तिराहा के पास चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक एक बच्चे के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे।

भागने के दौरान बाइक फिसल गई और दोनों आरोपी गिर पड़े। इसी दौरान बच्चा पास की झाड़ियों में जा गिरा। उपनिरीक्षक सोमपाल ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित कब्जे में लिया, जबकि दूसरी टीम ने बदमाशों का पीछा किया।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुए आरोपी

पुलिस के अनुसार घिरते देख दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल कौमिश कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई।

घायल आरोपियों की पहचान योगेश कन्नौजिया निवासी धौवेला करीमनगर थाना गढ़िया रंगीन जनपद शाहजहांपुर और पवन चंदेल निवासी असफाक नगर थाना जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।

नर्सिंग छात्र निकला बच्चा चोरी गिरोह का सदस्य

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी योगेश शाहजहांपुर के एक मेडिकल कॉलेज में एमएससी नर्सिंग का छात्र है। उसकी पहचान लखीमपुर खीरी निवासी एक कथित सरगना से हुई थी, जिसने निःसंतान दंपतियों को बच्चे बेचने का नेटवर्क बना रखा था।

योगेश ने पुलिस को बताया कि सरगना ने उसे मेडिकल कॉलेज में काम करने का “फायदा उठाने” और बच्चों की सप्लाई करने के बदले मोटी रकम कमाने का लालच दिया था। बाद में उसने अपने साथी पवन के साथ मिलकर बच्चा चोरी की योजना बनाई।

बड़ा बच्चा चुराने पर सरगना ने लेने से किया इनकार

पूछताछ में यह भी सामने आया कि पहले आरोपी एक बड़े बच्चे को उठाने की योजना बना रहे थे, लेकिन गिरोह के सरगना ने उसे लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने छोटे बच्चे को निशाना बनाया क्योंकि उसे आसानी से निःसंतान दंपति को बेचा जा सकता था।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है। एक विशेष टीम को लखीमपुर खीरी रवाना किया गया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय हो सकता है और कई राज्यों से इसके तार जुड़े हो सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor