आगरा कॉलेज में प्रवेश का मौका, 25 जून को बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बायोटेक व पत्रकारिता पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया
आगरा। उत्तर भारत के 200 वर्ष पुराने प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आगरा कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया तेजी से जारी है। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय रहते सभी औपचारिकताएं पूरी कर प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की है। 25 जून को बीकॉम, पीजीडीजे (पत्रकारिता), बीबीए, बीबीए लॉजिस्टिक्स, बीसीए तथा बीएससी बायोटेक्नोलॉजी पाठ्यक्रमों में चयनित अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित विभागों में संपन्न कराई जाएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि आगरा कॉलेज प्रदेश के अग्रणी उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल है, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय पर प्रवेश की सभी औपचारिकताएं पूर्ण करें।
उन्होंने बताया कि 25 जून को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक बीकॉम विभाग में चयनित अभ्यर्थियों के प्रवेश होंगे। इसी अवधि में पीजीडीजे (पत्रकारिता) के चयनित अभ्यर्थियों को पत्रकारिता विभाग में उपस्थित होना होगा। वहीं बीबीए, बीबीए लॉजिस्टिक्स तथा बीसीए में चयनित विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया अतिथिगृह परिसर स्थित विभाग में तथा बीएससी बायोटेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया संबंधित विभाग में संपन्न होगी।
प्राचार्य ने बताया कि सभी अभ्यर्थी अपने साथ हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मूल अंकतालिकाएं, आधार कार्ड, श्रेणी प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित समय पर संबंधित विभागों में उपस्थित हों। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद महाविद्यालय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शुल्क जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय पर उपस्थित न होने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश निरस्त माना जा सकता है।
उन्होंने बताया कि अन्य पाठ्यक्रमों में भी निर्धारित सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जारी है। जिन पाठ्यक्रमों में पंजीकरण खुले हैं, उनके लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय प्रवेश पोर्टल एवं महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कहा कि आगरा कॉलेज छात्र हितैषी एवं अनुशासित परिसर के लिए जाना जाता है। महाविद्यालय में निर्धारित वेशभूषा, पहचान पत्र धारण करना और अनुशासन का पालन अनिवार्य है। परिसर में रैगिंग पर पूर्ण प्रतिबंध है तथा किसी भी प्रकार की रैगिंग में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित छात्र के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी नवीनतम सूचनाओं पर लगातार नजर रखें और समय रहते सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं।