लोकसभा में आठ सांसदों का निलंबन रद्द  हो,  किरन रिजीजू से मिले विपक्षी सांसद, स्पीकर से भी किया आग्रह

बजट सत्र में कांग्रेस के आठ सांसदों के निलंबन को रद्द करने के लिए पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) की सुप्रिया सुले, द्रमुक सांसद कनिमोझी और तृणमूल कांग्रेस की शताब्दी रॉय ने  संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू से मुलाकात की।

Mar 13, 2026 - 20:13
 0
लोकसभा में आठ सांसदों का निलंबन रद्द  हो,  किरन रिजीजू से मिले विपक्षी सांसद, स्पीकर से भी किया आग्रह


नई दिल्ली। लोकसभा में शुक्रवार को भी हंगामा जारी रहा। देश में एलपीजी गैस की कमी के मुद्दे को लेकर विपक्ष के सांसदों ने सरकार का जमकर विरोध किया। इस बीच विपक्षी दलों ने सरकार और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि आठ विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द किया जाए।

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) की सुप्रिया सुले, द्रमुक सांसद कनिमोझी और तृणमूल कांग्रेस की शताब्दी रॉय ने वीरवार को संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजीजू से मुलाकात की और आठ विपक्षी सांसदों के निलंबन को रद्द करने की मांग की।

सूत्रों के मुताबिक, रिजीजू ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह इस मामले को लोकसभा अध्यक्ष के सामने उठाएंगे। पार्टी से जुड़े कुछ सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक के दौरान कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुनिल सुरेश ने बिरला और रीजीजू के सामने फिर से यह मुद्दा उठाया।

सूत्रों ने यह भी बताया कि संसदीय कार्य मंत्री ने विपक्ष से कहा है कि वह परामर्श के बाद इस मुद्दे पर उनसे संपर्क करेंगे। सूत्रों ने कहा कि निलंबित सांसदों का विषय विपक्ष और सरकार के बीच टकराव का एक मुद्दा है। इसके अलावा विपक्ष पश्चिम एशिया संघर्ष और भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा की मांग कर रहा है।

बजट सत्र के पहले चरण के दौरान तीन फरवरी को सदन में आसन की ओर कागज फेंकने के कारण सदन की अवमानना के मामले में विपक्ष के आठ सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था। निलंबित सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एस. वेंकटेशन शामिल हैं। निलंबन के बाद से ये सांसद संसद की कार्यवाही वाले दिन संसद के मकर द्वार पर धरना देते आ रहे हैं।