हमारे बुजुर्ग-हमारी धरोहर संस्कारों की मिसाल: पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ‘आदित्य’ ने लीडर्स आगरा के प्रयास को सराहा
आगरा। ताजनगरी की वरिष्ठ एवं प्रेरणादायी शख्सियतों को उनके घर पहुंचकर सम्मानित करने और संयुक्त परिवार की संस्कृति को मजबूत करने के उद्देश्य से लीडर्स आगरा परिवार द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘हमारे बुजुर्ग - हमारी धरोहर’ को व्यापक सराहना मिल रही है। इसी क्रम में भारत सरकार के पूर्व मंत्री, झांसी के पूर्व सांसद एवं विधायक प्रदीप जैन ‘आदित्य’ को पुस्तक की प्रति भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
विगत दिवस आगरा आगमन पर लीडर्स आगरा परिवार की ओर से सुनील जैन, राहुल जैन, रौबिन जैन एवं सुनील बग्गा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ‘आदित्य’ को यह कृति भेंट की। पुस्तक में आगरा की उन बुजुर्ग विभूतियों के जीवन, संघर्ष, अनुभव और सामाजिक योगदान का विस्तृत वृत्तांत संकलित किया गया है, जिन्होंने समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पुस्तक प्राप्त करने के बाद प्रदीप जैन ‘आदित्य’ ने लीडर्स आगरा परिवार के इस प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब संयुक्त परिवार की परंपरा कमजोर होती जा रही है, ऐसे दौर में इस प्रकार की पुस्तक समाज को सकारात्मक और रचनात्मक संदेश देने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि पंचम काल के इस दौर में यदि लोग ऐसी पुस्तकों का अध्ययन करेंगे तो उनमें अपने माता-पिता और बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनाएं और अधिक मजबूत होंगी। समाज में पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों को जीवित रखने के लिए इस तरह के प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
लीडर्स आगरा परिवार के सदस्यों ने बताया कि हमारे बुजुर्ग - हमारी धरोहर केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि समाज को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का एक अभियान है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को बुजुर्गों के अनुभव, संघर्ष और जीवन मूल्यों से परिचित कराना है।