15 हजार से अधिक विजिटर्स, हजारों व्यापारिक ऑर्डर; उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एवं कॉन्क्लेव-2026 का समापन

आगरा। तीन दिनों तक उद्योग, नवाचार, खाद्य प्रसंस्करण और भारतीय उद्यमिता का सबसे बड़ा मंच बने उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एवं कॉन्क्लेव-2026 का मंगलवार को होटल जेपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर में भव्य समापन हुआ। सात राज्यों से आए 150 से अधिक स्टॉलों, तीन दिनों में 15 हजार से अधिक विजिटर्स और हजारों व्यापारिक पूछताछ एवं ऑर्डर के साथ यह आयोजन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े फूड एवं एमएसएमई आयोजनों में शामिल हो गया। समापन समारोह में आत्मनिर्भर भारत, स्थानीय उद्योग, किसानों की समृद्धि और वैश्विक बाजार में भारतीय उत्पादों की पहचान को लेकर प्रभावशाली विचार रखे गए।

Jun 16, 2026 - 19:12
 0
15 हजार से अधिक विजिटर्स, हजारों व्यापारिक ऑर्डर; उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एवं कॉन्क्लेव-2026 का समापन
फूड एक्सपो के समापन समारोह को संबोधित करतीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॊ. मंजू भदौरिया। मंचस्थ हैं अन्य अतिथिगण।

ग्राहक नहीं, परमात्मा के लिए बनाएं उत्पाद

समापन समारोह में मुख्य वक्ता बीकानेरवाला फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के डाइरेक्टर नवरत्न अग्रवाल ने कहा कि उद्योगपति यदि केवल ग्राहक नहीं बल्कि परमात्मा को ध्यान में रखकर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करेंगे तो सफलता स्वयं उनके कदम चूमेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय उद्योग को गुणवत्ता, ईमानदारी और नवाचार के बल पर विश्व बाजार में नई पहचान बनानी होगी।

आलू आधारित प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर जोर

चैंबर के संरक्षक एवं बीएन ग्रुप के चेयरमैन अजय अग्रवाल ने कहा कि आगरा क्षेत्र के किसानों को शुगर-फ्री आलू की खेती पर विशेष ध्यान देना चाहिए। ऐसे आलू की खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में लगातार बढ़ती मांग है और यह चिप्स सहित अन्य वैल्यू एडेड उत्पादों के लिए उपयुक्त है।

किसान वैरायटी फसलों की ओर बढ़ें

आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल ने कहा कि कृषि उत्पादन का पर्याप्त प्रसंस्करण नहीं हो पा रहा है। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ प्रोसेसिंग वैरायटी फसलों की ओर बढ़ना होगा, जिससे उनकी आय और उद्योग दोनों को लाभ मिलेगा।

उद्यमी सुशील वैष्णव ने बताया कि रसोई में तीन बार से अधिक उपयोग किए गए खाद्य तेल से पर्यावरण अनुकूल बायोफ्यूल तैयार किया जा सकता है, जिसका उपयोग विमानन क्षेत्र में भी हो रहा है।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग, स्मार्ट पैकेजिंग, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की चुनौतियां, सरकारी योजनाएं और निर्यात की संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने विचार रखे। सीए आर.के. जैन ने विभिन्न सरकारी अनुदान एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी दी।

द्वितीय सत्र में आईसीएआई आगरा शाखा के सहयोग से जीएसटी, नए आयकर अधिनियम और वित्तीय अनुपालन पर चर्चा हुई। सत्र का संचालन सीए निखिल गर्ग और सीए आलोक अग्रवाल ने किया।

वर्ष भर रोजगार देता है फूड प्रोसेसिंग उद्योग

तृतीय सत्र में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग ऐसा उद्योग है जो पूरे वर्ष रोजगार और व्यापार के अवसर प्रदान करता है तथा ऐसे आयोजन शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं। इस अवसर पर महेंद्र श्रीवास्तव, सर सैयद हैदर अली, सीताराम अग्रवाल, अम्मा प्रसाद गर्ग, राजेश गोयल, विनय मित्तल और राजेश अग्रवाल ने भी विचार व्यक्त किए।

काइला ग्रुप के संदीप काइला ने बताया कि फूड एक्सपो के माध्यम से उन्हें अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए अवसर मिले हैं। वियतनाम और सिंगापुर के व्यापारिक प्रतिनिधियों ने उनसे संपर्क कर निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की।

किसान, युवा और उद्योग की समृद्धि से बनेगा विकसित भारत

समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब किसान समृद्ध होगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बताया।

देशभर के प्रतिष्ठित उद्योगों ने दिखाई ताकत

फूड एक्सपो में आरबी हसमत राय एंड कंपनी, आरबी हींग, परवाह आटा, कुमार डेयरी सहित अनेक प्रतिष्ठित उद्योगों ने अपने उत्पादों और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। एक्सपो में खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग, डेयरी, मसाले, अनाज, कृषि आधारित उत्पाद और आधुनिक मशीनरी ने उद्यमियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

15 हजार से अधिक विजिटर्स, हजारों व्यापारिक ऑर्डर

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि तीन दिवसीय एक्सपो में उत्तर प्रदेश सहित सात राज्यों से 150 से अधिक स्टॉलों ने भाग लिया तथा 15 हजार से अधिक विजिटर्स ने आयोजन का भ्रमण किया। इस दौरान हजारों व्यापारिक पूछताछ और व्यावसायिक ऑर्डर प्राप्त हुए, जिससे नए व्यापारिक अवसरों के द्वार खुले हैं। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष यह आयोजन और भी अधिक भव्य और विस्तृत स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

उद्योग और सरकार के बीच मजबूत संवाद का बना मंच

महासचिव अनुज सिंघल ने कहा कि फूड एक्सपो ने उद्योग, सरकार, वित्तीय संस्थानों और उद्यमियों के बीच प्रभावी संवाद का मजबूत मंच उपलब्ध कराया है। वहीं मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश, आधुनिक तकनीक और नए बाजारों से जोड़ने में यह आयोजन मील का पत्थर साबित होगा।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन रीनेश मित्तल ने किया। समापन समारोह में नितिन अग्रवाल, सिद्धार्थ चतुर्वेदी, आशीष गर्ग, सिद्धार्थ अग्रवाल, सीएस अनुज अशोक, सीए आरके जैन, एडमिनिस्ट्रेटर अपरार्क शर्मा, दिलीप कुमार, अनिल सविता, राम शर्मा सहित उद्योग जगत, व्यापार, वित्तीय संस्थानों और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor