पालीवाल पार्क मर्डर मिस्ट्री का 24 घंटे में खुलासा, दोस्त की पत्नी पर बुरी नजर बनी सोनू की मौत की वजह
आगरा के पालीवाल पार्क में युवक सोनू की हत्या का थाना हरीपर्वत पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी अमूल राव वानखेडे उर्फ अनमोल को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि मृतक आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध बनाना चाहता था। शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में आरोपी ने ईंट से हमला कर सोनू की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट और शराब के टेट्रा पैक बरामद किए हैं।
आगरा। आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित पालीवाल पार्क में युवक सोनू की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी अमूल राव वानखेडे उर्फ अनमोल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि मृतक आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने शराब पार्टी के दौरान ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मामला 17 मई 2026 का है, जब ओल्ड विजय नगर कॉलोनी निवासी पुष्पा कामणे ने थाना हरीपर्वत में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पुत्र सोनू का शव पालीवाल पार्क में पड़ा मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
शराब पार्टी के बाद हुआ खूनी विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अमूल राव वानखेडे उर्फ अनमोल और मृतक सोनू एक-दूसरे को जानते थे। घटना वाले दिन दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान आरोपी की पत्नी को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि सोनू आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध बनाना चाहता था, जिससे गुस्साए आरोपी ने पास में पड़ी ईंट उठाकर सोनू के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
24 घंटे में पुलिस ने आरोपी को दबोचा
डीसीपी और एसीपी के निर्देशन में थाना हरीपर्वत पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी, स्थानीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से अमरावती, महाराष्ट्र का रहने वाला है और फिलहाल आगरा में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट, देशी शराब के दो टेट्रा पैक और एक प्लास्टिक की बोतल भी बरामद की है।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना हरीपर्वत प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मोहम्मद अतीफ, उपनिरीक्षक सुमित मलिक, उपनिरीक्षक निखिल चौधरी और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।