फतेहाबाद रोड मेट्रो स्टेशन पर हड़कंप, यात्री के बैग से मिला जिंदा कारतूस, स्कैनिंग में हुआ खुलासा
फतेहाबाद रोड मेट्रो स्टेशन पर X-BIS स्कैनिंग के दौरान यात्री उमेश कुमार के बैग से BMM-KF मार्का का जिंदा कारतूस बरामद हुआ। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल ताजगंज पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कारतूस कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
आगरा। आगरा मेट्रो के फतेहाबाद रोड मेट्रो स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से जिंदा कारतूस बरामद हुआ। यह कारतूस एक्स-बीआईएस (X-BIS) स्कैनिंग मशीन में बैग की जांच के दौरान दिखाई दिया, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए यात्री को रोक लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान बैग में BMM-KF मार्का का मिस कारतूस दिखाई दिया। सुरक्षा टीम ने बिना देरी किए स्टेशन पर मौजूद कंट्रोल रूम को सूचित किया और तत्काल थाना ताजगंज पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और यात्री की पहचान उमेश कुमार के रूप में की गई। तलाशी के दौरान उसके बैग से कारतूस के अलावा एक मोबाइल चार्जर, कुछ जरूरी कागजात और एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में यात्री ने कारतूस के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने कारतूस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि कारतूस लाइसेंसी हथियार से संबंधित है या किसी अन्य तरीके से यात्री के पास पहुंचा।
मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अधिकारियों ने कहा कि नियमित और सघन जांच के कारण ही यह बरामदगी संभव हो सकी। घटना के बाद कुछ समय के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता से स्थिति सामान्य कर दी गई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।