बुकिंग के 40 मिनट में कागजी डिलीवरी! आगरा के खंदौली में पूर्व विधायक डॊ. अनिल चौधरी के घर के सिलेंडर में भी कर दी हेराफेरी, गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का साया

आगरा। जिले के खंदौली क्षेत्र में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सादाबाद क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी के नाम दर्ज गैस कनेक्शन पर सिलेंडर की बुकिंग तो कराई गई, लेकिन सिलेंडर दिए बिना ही सिस्टम में डिलीवरी दिखा दी गई। महज 40 मिनट के भीतर डिलीवरी का मैसेज आने से गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर संदेह गहरा गया है और गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही है। शिकायत के बाद संबंधित गैस एजेंसी में खलबली मच गई, लेकिन कोई भी स्पष्ट जवाब देने को तैयार नहीं है।

Mar 13, 2026 - 10:57
 0
बुकिंग के 40 मिनट में कागजी डिलीवरी! आगरा के खंदौली में पूर्व विधायक डॊ. अनिल चौधरी के घर के सिलेंडर में भी कर दी हेराफेरी, गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का साया

सुबह बुकिंग, 40 मिनट में डिलीवरी का मैसेज

पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी ने बताया कि उनकी धर्मपत्नी प्रतिभा चौधरी के नाम से तृप्ति श्याम गैस सर्विस, उजरई (खंदौली) में एचपी गैस का कनेक्शन है। बुधवार की सुबह 09:39:41 बजे गैस रिफिल की बुकिंग की गई। बुकिंग नंबर HPGas Bkngs514212Con611845 दर्ज हुआ। एजेंसी के स्टाफ को ओटीपी नंबर 6914 भी बता दिया गया, लेकिन इसके बावजूद गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया।

कैश मेमो से दिखाई डिलीवरी, घर तक नहीं पहुंचा सिलेंडर

हैरानी की बात यह है कि बुकिंग के कुछ ही समय बाद, सुबह 10:22 बजे प्रतिभा चौधरी के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि कैश मेमो नंबर 1742774 के माध्यम से सिलेंडर की डिलीवरी कर दी गई है।

जबकि वास्तविकता यह है कि उस समय तक सिलेंडर घर तक पहुंचा ही नहीं था। इस घटना से यह संदेह और गहरा गया कि कहीं सिलेंडर को कागजों में डिलीवर दिखाकर कहीं और बेच तो नहीं दिया गया।

शिकायत के बाद एजेंसी में मचा हड़कंप

जैसे ही इस मामले की शिकायत गैस एजेंसी को भेजी गई, वहां खलबली मच गई। हालांकि अब तक एजेंसी की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर एक पूर्व विधायक के घर का सिलेंडर भी बिना दिए सिस्टम में डिलीवर दिखाया जा सकता है, तो आम उपभोक्ताओं के साथ क्या हो रहा होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।

कालाबाजारी की आशंका, जांच की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि सिलेंडर की बढ़ती मांग के बीच इस तरह की घटनाएं कालाबाजारी के नेटवर्क की ओर इशारा करती हैं।

पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं के साथ इस तरह की धोखाधड़ी दोबारा न हो।

SP_Singh AURGURU Editor