चलती पंजाब मेल में चढ़ते समय फिसला यात्री, अरपीएफ कांस्टेबल की बहादुरी से टली बड़ी दुर्घटना

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चलती पंजाब मेल एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक यात्री फिसल गया। मौके पर मौजूद आरपीएफ कांस्टेबल श्रीकांत ने तुरंत दौड़कर यात्री को बाहर खींच लिया और सुरक्षित ट्रेन में चढ़ा दिया। उनकी सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

Mar 5, 2026 - 18:20
 0
चलती पंजाब मेल में चढ़ते समय फिसला यात्री, अरपीएफ कांस्टेबल की बहादुरी से टली बड़ी दुर्घटना
पंजाब मेल

आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक यात्री अचानक फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसने ही वाला था, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ के सतर्क जवान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचा ली।

घटना 5 मार्च को दोपहर करीब 12 बजकर 16 मिनट की है। उस समय पंजाब मेल एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म से रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक यात्री जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा। ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जाने लगा।

मौके पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ कांस्टेबल श्रीकांत ने स्थिति को भांपते ही तुरंत दौड़ लगाई। उन्होंने बिना समय गंवाए यात्री को पकड़कर तेजी से बाहर खींच लिया और सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ा दिया। कांस्टेबल की त्वरित सूझबूझ और बहादुरी से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली और आरपीएफ जवान की सराहना की। रेलवे अधिकारियों ने भी जवान की सतर्कता की प्रशंसा करते हुए कहा कि आरपीएफ हमेशा यात्रियों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि ऐसी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।