6 हजार दो, तभी मिलेगी कार, सिकंदरा थाने का दरोगा रिश्वत मांगने के आरोप में घिरा

सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक दरोगा पर कार छोड़ने के बदले 6 हजार रुपये लेने और वाहन से 16,500 रुपये, सोने की अंगूठी व आईफोन चार्जर गायब करने के आरोप लगे हैं। पीड़िता के अनुसार 9 मई को उसके पति की कार का एक्सीडेंट होने के बाद पुलिस ने 151 की कार्रवाई कर कार जब्त की थी। शिकायत आईजीआरएस पर करने के बाद दरोगा ने पति को थाने बुलाया और कथित रूप से पैसे लेकर कार छोड़ी। डीसीपी सिटी ने मामले की जांच एसीपी हरिपर्वत को सौंप दी है।

May 12, 2026 - 20:16
 0
6 हजार दो, तभी मिलेगी कार, सिकंदरा थाने का दरोगा रिश्वत मांगने के आरोप में घिरा

कार छोड़ने के नाम पर 6 हजार रुपये लेने का आरोप, वाहन से नकदी, सोने की अंगूठी और चार्जर गायब होने की शिकायत

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक दरोगा पर पैसे वसूली और वाहन से सामान गायब करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता ने मामले की शिकायत डीसीपी सिटी से करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सिटी ने जांच एसीपी हरिपर्वत को सौंप दी है।

पीड़िता के अनुसार 9 मई को उसके पति की कार का ट्रैक्टर से एक्सीडेंट हो गया था। हादसे के बाद पुलिस ने उनके पति के खिलाफ 151 की कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर लिया था। पीड़िता का आरोप है कि बाद में उन्होंने मामले की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की। शिकायत के बाद संबंधित दरोगा ने उनके पति को थाने बुलाया, जहां उन्हें करीब तीन से चार घंटे तक बैठाए रखा गया। आरोप है कि कार छोड़ने के एवज में दरोगा ने 6 हजार रुपये लिए, जिसके बाद वाहन छोड़ा गया।

महिला का कहना है कि जब कार वापस मिली तो उसमें रखे 16,500 रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी और आईफोन चार्जर गायब थे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में वाहन जब्त किया गया था, इसलिए सामान गायब होने की जिम्मेदारी भी संबंधित पुलिसकर्मियों की बनती है।

मामले को लेकर पीड़िता ने डीसीपी सिटी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए डीसीपी सिटी ने पूरे प्रकरण की जांच एसीपी हरिपर्वत को सौंप दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद थाना सिकंदरा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं पीड़ित परिवार निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर रहा है।