पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी, आगरा में पेट्रोल 97 रुपये के पार, वाहन चालकों की जेब पर असर
देशभर में 15 मई 2026 से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। आगरा में सामान्य पेट्रोल ₹97.21, प्रीमियम पेट्रोल ₹105.81 और डीजल ₹90.48 प्रति लीटर हो गया है। वैश्विक ऊर्जा कीमतों में वृद्धि को इसका कारण बताया गया है। बढ़े हुए दामों का असर आम जनता, परिवहन और बाजार पर पड़ने की संभावना है, जबकि सीएनजी के दाम फिलहाल स्थिर रखे गए हैं।
आगरा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक ऊर्जा संकट के चलते पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के चुनाव संपन्न होने के बाद आज से देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब ₹3 प्रति लीटर तक की बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें लागू होने के बाद आम लोगों, खासकर रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वालों पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है।
आगरा में भी शुक्रवार सुबह से नए रेट लागू हो गए हैं। शहर में अब सामान्य पेट्रोल ₹97.21 प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि प्रीमियम पेट्रोल की कीमत ₹105.81 प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं डीजल का नया रेट ₹90.48 प्रति लीटर हो गया है। हालांकि सीएनजी उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है, क्योंकि छह मई को ही सीएनजी के दाम बढ़ाए जा चुके थे और आज उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया। आगरा में सीएनजी का रेट ₹98 प्रति किलोग्राम बना हुआ है।
आम आदमी की जेब पर सीधा असर
ईंधन कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर अब परिवहन, सब्जियों, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई देने की संभावना है। टैक्सी, ऑटो और मालवाहक वाहन संचालकों ने भी किराया बढ़ने के संकेत दिए हैं। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से मध्यम वर्ग और व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।
देश के प्रमुख महानगरों में नए अनुमानित रेट
दिल्ली: पेट्रोल ₹97.77, डीजल ₹90.67
मुंबई: पेट्रोल ₹106.68, डीजल ₹90 से अधिक
कोलकाता: पेट्रोल ₹108.74, डीजल ₹100 से अधिक
चेन्नई: पेट्रोल ₹103.67, डीजल ₹100 के करीब
आगरा में नए ईंधन रेट
सामान्य पेट्रोल: ₹97.21 प्रति लीटर
प्रीमियम पेट्रोल: ₹105.81 प्रति लीटर
डीजल: ₹90.48 प्रति लीटर
सीएनजी: ₹98 प्रति किलोग्राम