आगरा की अंग्रेजी पत्रकारिता का स्तंभ हुआ खामोश, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. नेविल स्मिथ का निधन

आगरा के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और आरबीएस कॉलेज के अंग्रेजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नेविल स्मिथ का 86 वर्ष की आयु में हृदयघात से निधन हो गया। वे पीटीआई और द स्टेट्समैन से पांच दशक तक जुड़े रहे तथा अंग्रेजी पत्रकारिता के प्रमुख स्तंभ माने जाते थे। पत्रकारिता और आगरा के इतिहास पर उनके लेखन को विशेष पहचान मिली। उनके निधन को शहर के बौद्धिक और पत्रकारिता जगत के लिए एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।

Jun 25, 2026 - 01:27
 0
आगरा की अंग्रेजी पत्रकारिता का स्तंभ हुआ खामोश, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. नेविल स्मिथ का निधन

आगरा। आगरा के वरिष्ठतम पत्रकार व आरबीएस कॉलेज के अंग्रेजी विषय के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉक्टर नेविल स्मिथ का देहांत सहारनपुर में अपनी पुत्री के निवास पर बुधवार देर शाम 86 वर्ष की आयु में हृदयघात के कारण हो गया। वे आगरा के विख्यात पत्रकार स्वर्गीय टॉमस स्मिथ के पुत्र थे और पत्रकारिता में पांच दशक तक पीटीआई और द स्टेट्समैन समाचार पत्र से जुड़े रहे। 

डॉक्टर नेविल स्मिथ ने अपने जीवन में पत्रकारिता से जुड़ी कई पुस्तक का लेखन किया और शहर की अंग्रेजी पत्रकारिता के प्रमुख स्तंभ के रूप में जाने जाते रहे। डॉक्टर स्मिथ मूल रूप से पुराने आगरा शहर के घटिया क्षेत्र में अपने पुश्तैनी मकान में रहा करते थे और कुछ समय उन्होंने आवास विकास क्षेत्र में भी बिताया। अपने ज्ञान, ईमानदार छवि व सशक्त लेखन के लिए डॉक्टर स्मिथ हमेशा जाने जाते थे।

उनके करीबी और राजा बलवंत सिंह महाविद्यालय के अंग्रेज़ी विभाग में कार्यरत प्रो संजय कुमार मिश्र ने बताया कि 14 जून को डॉक्टर स्मिथ को हृदयघात हुआ था और वह देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। वह अपनी पुत्री के साथ सहारनपुर में पिछले कुछ वर्ष से रह रहे थे।  संजय कुमार मिश्र के अनुसार डॉ . स्मिथ के निधन के साथ एक युग का अन्त हो गया है। वह योग्य , कर्मठ और ईमानदार शिक्षक, पत्रकार और आगरा के जानकर के रूप में जाने जाते थे। अभी हाल ही में उन्होंने आगरा के इतिहास पर एक पुस्तक लिखी थी, जिसका विमोचन एक-दो महीनों में कराने की योजना थी ।