आगरा में ‘मंगल दोष’ नाटक का मंचन बना सामाजिक आईना: कुरीतियों पर तीखा वार, महिला कलाकारों ने दोहरी मानसिकता को किया बेनकाब

आगरा। शहर के सूरसदन प्रेक्षागृह में मंचित नाटक “मंगल दोष” ने समाज की कुरीतियों और दोहरे मापदंडों पर करारा प्रहार करते हुए दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। फ्री बर्ड्स थिएटर ग्रुप द्वारा प्रस्तुत इस नाटक में हास्य, व्यंग, डर और रोमांच का ऐसा समन्वय देखने को मिला, जिसने अंत तक दर्शकों को बांधे रखा। खास बात यह रही कि पूरी प्रस्तुति में महिला कलाकारों ने दमदार अभिनय के जरिए सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया और रूढ़ियों को चुनौती दी।

Apr 23, 2026 - 19:57
 0
आगरा में ‘मंगल दोष’ नाटक का मंचन बना सामाजिक आईना: कुरीतियों पर तीखा वार, महिला कलाकारों ने दोहरी मानसिकता को किया बेनकाब
सूरसदन प्रेक्षागृह में गुरुवार को मंचित नाटक मंगल दोष का एक दृश्य।

थिएटर ग्रुप की निदेशक रानू गुप्ता ने बताया कि ‘मंगल दोष’ नाटक का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि थिएटर के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि इस नाटक में हास्य-व्यंग के जरिए पुरुषों की अनकही पीड़ा और समाज की दोहरी मानसिकता को प्रभावशाली ढंग से सामने लाया गया है। एक ऐसा विषय, जिस पर मंचन बहुत कम देखने को मिलता है।

नाटक का लेखन एवं निर्देशन राहुल अचलेश गुप्ता ने किया। मंच पर श्वेता, निकेता, रश्मि, ऋतु, चाँदनी और रानू ने अपने स्वाभाविक और सटीक अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। हर किरदार की वेशभूषा, चाहे पंडित का पारंपरिक रूप हो या हवेली का परिवेश, इतनी सटीक रही कि दृश्य और भी जीवंत हो उठा।

पूरा सभागार दर्शकों से खचाखच भरा रहा और नाटक की पकड़ इतनी मजबूत थी कि अंत तक कोई भी अपनी सीट से उठना नहीं चाहता था। संचालन राखी अग्रवाल और डॉ. मनीषा गुप्ता ने किया, जबकि लाइट और साउंड में गुंजन अग्रवाल और गुंजन आकाश का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में नंदिनी अग्रवाल, अमोलिका गुप्ता, सांझली अग्रवाल, तारीशा अग्रवाल, आकांक्षी खन्ना, जाह्नवी, पूजा, शालिनी, स्निग्धा सहित अनेक दर्शक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor