योग से स्वस्थ समाज का संकल्प: अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के सभी 11 मंडलों और 175 शाखाओं में 21 जून को आयोजित किए जाएंगे योग शिविर

आगरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा ने देशव्यापी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का ऐलान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता (मामा) की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि महासभा की देशभर की 11 मंडलों और 175 शाखाओं में 21 जून को योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। आगरा में मुख्य शिविर पचकुइयां स्थित महासभा भवन में होगा, जिसमें 22 शाखा सभाओं, महिला मंडल और सेवादल के सदस्य भाग लेकर स्वस्थ समाज का संदेश देंगे।

Jun 18, 2026 - 21:48
 0
योग से स्वस्थ समाज का संकल्प: अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के सभी 11 मंडलों और 175 शाखाओं में 21 जून को आयोजित किए जाएंगे योग शिविर
माथुर वैश्य महासभा भवन में गुरुवार को आयोजित महासभा की बैठक में मौजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता (मामा) वीरेंद्र गुप्ता, अखिलेश कुमार गुप्ता (पालू) और अन्य पदाधिकारी।

पचकुइयां स्थित अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता (मामा) की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशव्यापी योग अभियान चलाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक समाज निर्माण का प्रभावी माध्यम है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता (मामा) ने कहा कि महासभा के सभी 11 मंडलों तथा 175 शाखाओं के अंतर्गत कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थलों एवं सामुदायिक परिसरों में योग शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग के लाभ पहुंचाना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में स्वस्थ रहने के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।

महासभा के प्रशासनिक मंत्री वीरेंद्र गुप्ता ट्रांसपोर्टर ने बताया कि देशभर के सभी मंडलों एवं शाखाओं में योग प्रशिक्षकों की व्यवस्था, आयोजन स्थलों का चयन तथा अन्य आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ संगठन की एकजुटता और सामाजिक सहभागिता को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।

योग कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश कुमार गुप्ता (पालू) ने बताया कि आगरा का मुख्य योग शिविर 21 जून को प्रातः 7:00 बजे से 8:00 बजे तक पचकुइयां स्थित माथुर वैश्य महासभा भवन में आयोजित किया जाएगा। इसमें आगरा की सभी 22 शाखा सभाएं, महिला मंडल तथा सेवादल के सदस्य बड़ी संख्या में भाग लेंगे और सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।

बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश गुप्ता कांट्रेक्टर, अखिलेश कुमार गुप्ता, अतिथि गृह मंत्री मनोज कुमार गुप्ता, भवन मंत्री संजय गुप्ता, अनुशासन समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता सर्राफ, निर्वाचन मंडल के अध्यक्ष सुधीर गुप्ता, आगरा मंडलाध्यक्ष विमल कुमार गुप्ता सर्राफ, मंडल मंत्री सत्य प्रकाश गुप्ता, महासभा प्रवक्ता विनय गुप्ता, मुकेश कुमार गुप्ता (एलआईसी) सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से इसमें सहभागिता करने की अपील की।

SP_Singh AURGURU Editor