‘राष्ट्र प्रथम अभियान’ के अंतिम चरण में आगरा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संकल्प, सामूहिक शपथ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का लिया गया दृढ़ संकल्प
आगरा। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन के नेतृत्व में चल रहे ‘राष्ट्र प्रथम अभियान’ के अंतिम चरण में बुधवार को संजय प्लेस में के स्पीड कलर लैब के समीप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भारी भागीदारी देखने को मिली, जहां पूरे माहौल में राष्ट्रभक्ति और जनजागरूकता की भावना गूंज उठी।
राष्ट्रध्वज और संकल्प पत्र के साथ लिया राष्ट्रहित का वचन
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रध्वज फहराया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात आव्हानों से जुड़े संदेशों के साथ लोगों को राष्ट्रहित की शपथ दिलाई गई। उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से संकल्प पत्र पढ़कर उसे दोहराया और हस्ताक्षर कर अपनी प्रतिबद्धता दर्ज कराई।
लोगों को स्वदेशी अपनाने, ईंधन बचाने, कारपूलिंग और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग जैसे संदेश दिए गए, जिन्हें व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया गया।
सांसद नवीन जैन ने दिलाई सामूहिक शपथ
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने मंच से उपस्थित जनसमूह को शपथ दिलाते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के सात आव्हानों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। अभियान के सह संयोजक वैभव जैन ने कहा कि अभियान ने युवाओं में राष्ट्रहित और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति नई जागरूकता पैदा की है।
60 मिनट–7 संकल्प’ से गूंजा पूरा परिसर
कार्यक्रम में “60 मिनट – 7 संकल्प”, आओ लें सामूहिक शपथ और देश को दें एक घंटा जैसे स्लोगनों के माध्यम से लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित में समय देने के लिए प्रेरित किया गया।
19 मई को निकली विशाल जन संकल्प यात्रा के बाद यह अभियान विभिन्न चरणों में शहर भर में जनसंपर्क कार्यक्रमों के रूप में आगे बढ़ा। बाजारों, चौराहों, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जोड़कर राष्ट्र प्रथम की भावना को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया।
पर्यावरण और ऊर्जा बचत का भी संदेश
कार्यक्रम में विशेष बात यह रही कि बड़ी संख्या में लोग कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से पहुंचे। इससे ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत हुआ।
पूरे कार्यक्रम का संचालन पार्षद पंकज अग्रवाल और दीपक जैन ने किया। कार्यक्रम में विधायक जी. एस. धर्मेश, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, सफाई आयोग सदस्य कमल वाल्मीक सहित अनेक पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राहुल जैन, अमित ग्वाला, जगदीश पचौरी, जे. डी. शर्मा, नितेश शिवहरे, धर्मवीर लोधी, राजेश गोयल, राहुल वैध, नागेश शर्मा, राजीव जैन, भगवान दास प्रजापति, प्रवीण कन्नौजिया, अतुल गर्ग, बबीता पाठक, राकेश जैन, विकास भारद्वाज, मुकेश सोलंकी, नेहा गुप्ता, रोहित अली चिश्ती और वंश अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Top of Form