लोहिया जयंती पर सेवा का संकल्प: 23 मार्च को लगेगा फ्री मेडिकल कैंप, 20 विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे इलाज
आगरा। समाज सेवा की भावना को साकार करते हुए अग्रवाल युवा संगठन द्वारा डॉ. राम मनोहर लोहिया की 116वीं जयंती के अवसर पर 23 मार्च को एक निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस जनसेवा अभियान के तहत सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मुफ्त परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा दी जाएगी।
आमंत्रण पत्र विमोचन के साथ तैयारियां तेज
शुक्रवार को लोहामंडी स्थित पुष्पांजलि सभागार, महाराजा अग्रसेन भवन में कैंप के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया।
सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक मिलेगा फ्री इलाज
संगठन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक कैंप आयोजित होगा। सुबह 7:00 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा और क्यूआर कोड के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
20 विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं, हर बीमारी का इलाज
संरक्षक सुरेश चंद्र गर्ग ने बताया कि यह आयोजन समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। महामंत्री अंकित अग्रवाल के अनुसार, कैंप में नेत्र, दंत, फिजिशियन, हड्डी, बाल रोग, पेट रोग, चर्म रोग, ईएनटी, फेफड़े और हृदय रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे।
मेदांता के डॉक्टर भी होंगे शामिल, मोतियाबिंद ऑपरेशन भी फ्री
इस शिविर की खास बात यह है कि मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.के. तनेजा और डॉ. मयंक गर्ग भी अपनी सेवाएं देंगे। कैंप में मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था के साथ-साथ दवा वितरण, शुगर जांच, ईसीजी और ब्लड प्रेशर जैसी जांचें भी निशुल्क की जाएंगी।
बड़ी संख्या में जुटे पदाधिकारी, सेवा का लिया संकल्प
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर कार्यक्रम संयोजक उमेश अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, शशांक बंसल, शिवम गर्ग, संदीप अग्रवाल, अमन अग्रवाल, सौरभ जैन, मयंक अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, ऋषभ अग्रवाल, रोहित मित्तल, आशीष, कुणाल अग्रवाल, विशाल गोयल, मोहित अग्रवाल एवं हेमंत अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।