पीएम मोदी ने किया आगरा रेल मंडल के पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, 15.24 करोड़ से बदली तस्वीर
आगरा/डीग। भारतीय रेलवे के स्टेशन आधुनिकीकरण अभियान को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश भर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का राष्ट्र को समर्पित किया। इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल के अंतर्गत आने वाले राजस्थान के डीग रेलवे स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। लगभग 15.24 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित इस स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं, स्थानीय सांस्कृतिक पहचान और दिव्यांगजन अनुकूल व्यवस्थाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, कृषि, रोजगार और रेल संपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है।
भारतीय रेलवे के अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत डीग रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है। डीग रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बैडम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डीग-कुम्हेर के विधायक डॉ. शैलेश सिंह, भाजपा भरतपुर जिलाध्यक्ष श्रीमती शिवानी राहीमा, स्वतंत्रता सेनानी हुकम चंद सैनी तथा राम जी लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता, मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, डीआरयूसीसी एवं जेडआरयूसीसी के सदस्य, यूनियन प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
करीब 15.24 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं यात्री-अनुकूल स्वरूप दिया गया है। स्टेशन पर आकर्षक भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, आधुनिक साइनेज, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र, पार्किंग, फुट ओवर ब्रिज, पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली तथा मोबाइल चार्जिंग जैसी अनेक आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
स्टेशन के पुनर्विकास में स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय विरासत को भी विशेष महत्व दिया गया है। स्टेशन भवन के फसाड और सौंदर्यीकरण में स्थानीय स्थापत्य कला की झलक दिखाई देती है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का भी अनुभव होगा।
दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए स्टेशन पर रैंप, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, सुगम प्रवेश मार्ग, लो-हाइट टिकट काउंटर तथा स्पष्ट दिशा-सूचक संकेतकों की व्यवस्था की गई है।