पीएम मोदी बोले- तेल-गैस का इस्तेमाल संयम से करें, मध्य-पूर्व संकट के बीच बीच पीएम का बड़ी अपील
पीएम मोदी ने कहा कि हमें आयात होने वाले पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग सिर्फ जरूरत के अनुसार करना चाहिए। इससे न सिर्फ विदेशी मुद्रा की बचत होगी बल्कि युद्ध के दुष्प्रभाव भी कम होंगे।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई, 2026) को पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच भारत के सभी नागरिकों से पेट्रोलियम उत्पादों का संयम के साथ इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत बड़े पैमाने पर ईंधन आयात करता है, इसलिए पेट्रोल, डीजल और गैस का सोच-समझकर इस्तेमाल करना जरूरी है।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 9,377 करोड़ रुपये की लागत की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा, ‘आज समय की मांग है कि पेट्रोल-डीजल और गैस जैसी चीजों का बहुत संयम से इस्तेमाल किया जाए। हमें आयात किए जाने वाले पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल सिर्फ जरूरत के अनुसार करना चाहिए। इससे न सिर्फ विदेशी मुद्रा की बचत होगी, बल्कि युद्ध के दुष्प्रभाव भी कम होंगे।’
पीएम मोदी की यह यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते भारत ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा कि भारत रिन्यूएबल और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सौर ऊर्जा के उत्पादन में भारत दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो चुका है। साथ ही पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देकर आयात होने वाले ईंधन पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी अभूतपूर्व प्रगति हुई है।
ऊर्जा रणनीति पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘सरकार का पहला लक्ष्य हर घर तक एलपीजी पहुंचाना था और अब सस्ती पाइप्ड गैस (पीएनजी) आपूर्ति के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है। केंद्र सरकार सीएनजी आधारित इकोसिस्टम को भी सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है, ताकि ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाई जा सके।’
तेलंगाना में 9,377 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘भारत आज रिफॉर्म्स एक्सप्रेस पर आगे बढ़ रहा है और आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से निर्माण कर रहा है।’ पीएम मोदी ने जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें हैदराबाद-पनजी आर्थिक कॉरिडोर पर राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक फोर-लेन निर्माण और संगारेड्डी जिले के जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र का विकास शामिल है।
इसके अलावा, उन्होंने कई अन्य आधारभूत परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जिनमें काजीपेट-विजयवाड़ा रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के हिस्से, हैदराबाद में ग्रीनफील्ड पेट्रोलियम, ऑयल एंड लुब्रिकेंट (पीओएल) टर्मिनल, काजीपेट रेल अंडर रेल बाइपास और वारंगल स्थित पीएम मित्रा पार्क यानी काकतिया मेगा टेक्सटाइल पार्क भी शामिल है।
करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत से बना काकतिया मेगा टेक्सटाइल पार्क भारत का पहला पूर्ण रूप से कार्यरत पीएम मित्रा पार्क है। यह केंद्र सरकार के ‘5F’ विजन को साकार करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, ताकि कपड़ा उद्योग की पूरी वैल्यू चेन मजबूत हो और निर्यात को बढ़ावा मिल सके।