आगरा में ‘जहरीली अरहर’ का खेल बेनकाब, गांवों में फेरी लगाकर बेच रहे थे कारोबारी, छापे में दाल बरामद
आगरा के कागारौल क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2760 किलो प्रतिबंधित खेसारी dाल बरामद की। यह दाल गांवों में सस्ती अरहर बताकर बेची जा रही थी। नगला घुरैला के एक गोदाम से 92 कट्टों में दाल मिली। विभाग अब पूरे सप्लाई नेटवर्क और फेरी कारोबारियों की जांच कर रहा है।
आगरा। आगरा जनपद के कागारौल में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई में प्रतिबंधित खेसारी दाल का भंडाफोड़ हुआ है। यह दाल ग्रामीण इलाकों में सस्ती अरहर दाल बताकर लोगों को बेची जा रही थी। मंगलवार देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगला घुरैला स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर 2760 किलो खेसारी दाल बरामद की। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक गोदाम का मामला नहीं, बल्कि बड़े सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में बाजार से काफी कम कीमत पर अरहर दाल बेची जा रही थी। लोगों को शक था कि दाल में मिलावट हो रही है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। मुखबिर की सूचना मिलने के बाद सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र श्रीवास्तव के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने नगला घुरैला स्थित गोदाम पर देर रात छापेमारी की, जहां 92 कट्टों में भरी प्रतिबंधित खेसारी दाल बरामद हुई।
स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मानी जाती है खेसारी दाल
अधिकारियों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में खेसारी दाल की बिक्री प्रतिबंधित है। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक इसका सेवन स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है। यही वजह है कि इसकी खुले बाजार में बिक्री पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद मुनाफे के लालच में कारोबारी इसे अरहर दाल बताकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेच रहे थे। सस्ती कीमत होने के कारण लोग इसे खरीद भी रहे थे।
अब सप्लाई नेटवर्क की होगी जांच
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की तैयारी में हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि खेसारी दाल कहां से लाई जा रही थी और किन-किन इलाकों में सप्लाई की जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि बड़ी मात्रा में यह दाल पहले ही गांवों और कस्बों में लोगों तक पहुंच चुकी है। विभाग अब फेरी लगाकर दाल बेचने वालों की भी जानकारी जुटा रहा है।
गोदाम सीज, संचालक को सुपुर्दगी
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार चौरसिया, रविंद्र सिंह परमार, अजय वर्मा, राकेश यादव, कृष्ण चंदा पटेल और राकेश कुमार मौजूद रहे। बरामद दाल को सीज कर गोदाम संचालक करीम खान की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है।