बरेली में पकड़े गये सेक्स रैकेट की जड़ें खोज रही पुलिस, चंगुल से मुक्त किशोरी को वाराणसी ले जा रही पुलिस ताकि उस महिला को पकड़ा जा सके जिसने इस किशोरी को बरेली में बेचा था
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में होटलों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के संगठित नेटवर्क का एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। थाना बारादरी पुलिस ने दो दिन पहले महिला सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को उनके चंगुल से मुक्त कराया था। एक के बाद एक सामने आ रहे इन मामलों से इतना तो पता चलता है कि शहर में इस तरह के रैकेट तेजी से फैल रहे हैं और अब गिरोह की जड़ों तक पहुंचने के लिए व्यापक जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब बरामद किशोरी को वाराणसी लेकर जा रही ताकि उस महिला को दबोचा जा सके, जिसने उसे बरेली में इस रैकेट को बेचा था।
वाराणसी से फुसलाकर लाया गया था बरेली
बकौल एसपी सिटी मानुष पारीक, पीड़िता वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र की रहने वाली है। जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में घर वालों की डांट से नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। वाराणसी रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात रिया नाम की महिला से हुई, जिसने उसे अपने पास रख लिया। बाद में वह किशोरी को बरेली ले आई और यहां गिरोह की सरगना बबली खान उर्फ नेहा यादव को बेच दिया। इसके बाद उसे जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया।
होटलों में ग्राहकों तक पहुंचाते थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन चनेहटी और लाल फाटक क्षेत्र से किया जा रहा था। सरगना बबली खान और उसकी सहयोगी जसलीन कौर शहर के कई होटलों से संपर्क में थीं। ग्राहकों को होटल में बुलाया जाता और बाद में किशोरी को वहां भेज दिया जाता था।
आरोपी उसे अपने घर में निगरानी में रखते थे और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी से होटल तक ले जाते थे, ताकि वह भाग न सके।
फर्जी आधार कार्ड से बनाया गया बालिग
पुलिस से बचने के लिए गिरोह ने किशोरी के दस्तावेजों में भी हेरफेर कराया। जन सेवा केंद्र संचालक की मदद से उसके आधार कार्ड में जन्मतिथि बदल दी गई। असली जन्म वर्ष 2011 की जगह 2007 दर्ज कराया गया, ताकि उसे बालिग दिखाकर होटल में कमरा लेने और ग्राहकों के सामने पेश करने में कोई परेशानी न हो।
हिम्मत जुटाकर थाने पहुंची पीड़िता
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने कई बार भागने की कोशिश की, लेकिन गिरोह के लोग उस पर कड़ी नजर रखते थे। 13 मार्च की रात वह होटल में टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर बाहर निकली और सीधे बारादरी थाने पहुंच गई। वहां उसने पूरी घटना पुलिस को बताई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल दबिश देकर गिरोह के चारों सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
सरगना समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में चनेहटी निवासी 40 वर्षीय बबली पत्नी खलील खान, फरीदपुर के कुइयांखेड़ा निवासी 29 वर्षीय विनोद यादव, बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के कल्लूवाला निवासी 36 वर्षीय जसलीन कौर और नेपाल निवासी 34 वर्षीय दुर्गालावती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, फर्जी आधार कार्ड और तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें शनिवार को जेल भेज दिया गया।
बरेली में बढ़ते देह व्यापार रैकेट पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरेली शहर में पिछले कुछ समय से होटलों और किराए के मकानों की आड़ में देह व्यापार के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद पुलिस अब उससे जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे, दरोगा ब्रह्मपाल सिंह, महावीर सिंह, रितु राठी, हेड कांस्टेबल चेतन सिंह, बृजेश सिंह और गुलशन की टीम शामिल रही।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य ठिकानों और संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है, ताकि शहर में सक्रिय देह व्यापार के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। इसी क्रम में पुलिस अब इस गिरोह के चंगुल से मुक्त हुई किशोरी को साथ लेकर वाराणसी जा रही है। पुलिस को उस महिला की तलाश है, जिसने इस किशोरी को बरेली में बेच दिया था।
थाना बारादरी के प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडे ने बताया कि नाबालिक लड़की को लेकर पुलिस टीम बनारस जा रही है और इस पूरे रैकिट का पता लगाएगी।