आगरा के अछनेरा क्षेत्र में सोती किशोरी को उठाकर सुनसान प्लॉट में ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश करने वाले दोनों दरिंदे पुलिस ने धर दबोचे, एक आरोपी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो से ब्लैकमेल कर पिछले छह महीने तक नाबालिग से दुष्कर्म करता रहा

आगरा। थाना अछनेरा क्षेत्र में महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाली वारदात में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 17 अप्रैल को हुई इस घटना में घर पर आटा चक्की के पास सो रही नाबालिग किशोरी को जबरन उठाकर पास के एक खाली प्लॉट में ले जाया गया और उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया था।

Apr 22, 2026 - 13:49
 0
आगरा के अछनेरा क्षेत्र में सोती किशोरी को उठाकर सुनसान प्लॉट में ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश करने वाले दोनों दरिंदे पुलिस ने धर दबोचे, एक आरोपी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो से ब्लैकमेल कर पिछले छह महीने तक नाबालिग से दुष्कर्म करता रहा
अछनेरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये अभियुक्त भानु और अंकित।

पीड़िता की मां की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार, आरोपी भानु पुत्र नरेंद्र उर्फ लाटसाहब और अंकित पुत्र राम प्रकाश, दोनों निवासी ग्राम बस्तई थाना अछनेरा, रात के समय सोती हुई किशोरी को जबरन उठाकर पास के ही एक खाली प्लॊट में ले गए थे। घटना के दौरान जब आरोपियों ने दुष्कर्म की कोशिश की तो किशोरी ने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर घबराए दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

मामले में एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पीड़िता के अनुसार आरोपी भानु ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना रखे थे और पिछले छह-सात महीनों से उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा था।

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। सक्रिय कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक मुखबिर की सूचना पर कीठम पुल के नीचे से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor