एत्मादपुर क्षेत्र के अमित हत्याकांड में पुलिस ने तीन और आरोपियों को दबोचा, सात आरोपी अब तक गिरफ्तार किये जा चुके
आगरा। थाना एत्मादपुर क्षेत्र में नाली विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब तक इस हत्याकांड में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में रवि पुत्र महाराज सिंह, आनंद पुत्र महाराज सिंह और प्रवेश पुत्र कमल सिंह शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम गढ़ी महासिंह खेड़ा के निवासी हैं। इससे पहले पुलिस गंभीर, प्रमोद, राहुल और जीतू नामक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बताया गया है कि 3 फरवरी को गढ़ी महासिंह खेड़ा में नाली विवाद को लेकर दबंगों के एक समूह ने पिता और उनके पुत्रों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। इस हमले में अमित नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में चेकिंग के दौरान थाना एत्मादपुर पुलिस ने बरहन रोड स्थित मितावली के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।