बिजली के तार चुराने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा: मुठभेड़ में छह बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से एक घायल, दो कारों समेत ट्रांसफार्मर तेल, तांबे के तार और चोरी के उपकरण बरामद

-आरके सिंह- बरेली। बरेली के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली के खंभों से हाईटेंशन तार काटकर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ के बाद छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके पांच साथियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो कारें, बड़ी मात्रा में एल्युमिनियम और तांबे के बिजली के तार, ट्रांसफार्मर का तेल, तार काटने के उपकरण, अवैध हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर बिजली के तार चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

Jun 18, 2026 - 18:18
 0
बिजली के तार चुराने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा: मुठभेड़ में छह बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से एक घायल, दो कारों समेत ट्रांसफार्मर तेल, तांबे के तार और चोरी के उपकरण बरामद
चोरों से बरामद विद्युत तार और अन्य सामान।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

क्षेत्राधिकारी नवाबगंज नीलेश मिश्र ने बताया कि थाना क्योलड़िया पुलिस बुधवार को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिजली के खंभों से तार काटकर चोरी करने वाला गिरोह लाल रंग की कार से क्षेत्र में घूम रहा है और अंटगा चांदपुर मजार के पास भट्ठे के निकट चोरी की योजना बना रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम धनौर जागीर की पुलिया के आगे पहुंची, जहां ट्यूबवेल के पास एक संदिग्ध कार खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवारों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बैक गियर डालकर भागने की कोशिश की। इस दौरान कार का एक पहिया खेत में उतर गया और वाहन वहीं फंस गया।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल

पुलिस के मुताबिक कार में बैठे बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने लगातार गोलियां चलाईं और मौके से भागने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान आसिफ पुत्र नन्हे, निवासी अर्शिया भोज, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (22 वर्ष) के रूप में हुई।

पांच और आरोपी दबोचे गए

मौके से पुलिस ने मोहम्मद हसीन पुत्र मोहम्मद इजराइल, निवासी करमपुर चौधरी, थाना इज्जतनगर (बरेली), इस्तिकार पुत्र मोहम्मद इस्लाम, निवासी आमखेड़ा, थाना जहानाबाद (पीलीभीत), मुजम्मिल पुत्र शम्सुर अहमद, निवासी अर्शिया भोज, थाना बहेड़ी (बरेली) तथा मोहम्मद रेहान पुत्र तुफैल अहमद, निवासी शेखूपुर, थाना बहेड़ी (बरेली) को गिरफ्तार कर लिया।

इनकी निशानदेही पर नवाबगंज-बरखेड़ा मार्ग पर दूसरी कार में इंतजार कर रहे गिरोह के छठे सदस्य आसिफ पुत्र बसीर अहमद, निवासी मंडनपुर सुमाली, थाना बहेड़ी, जिला बरेली को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

दो कारों से मिला चोरी का भारी सामान

पुलिस ने दोनों कारों की तलाशी में बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया। इनमें दो एल्युमिनियम तार, 10 बंडल पंच केबल (प्रत्येक छह-छह फीट), 80 मीटर 33 केवी एल्युमिनियम तार का एक बंडल, 130 मीटर 33 केवी एल्युमिनियम तार के चार बंडल, पांच लीटर ट्रांसफार्मर तेल, तांबे के तार, तार काटने की मशीन, अवैध हथियार, कारतूस और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।

कई वारदातें कबूलीं

पूछताछ में आरोपियों ने थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुई बिजली के तार चोरी की दो घटनाओं सहित अन्य कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

घायल आरोपी अस्पताल भेजा गया, दर्ज हुआ मुकदमा

क्षेत्राधिकारी नीलेश मिश्र ने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मुठभेड़ और बरामद सामान के संबंध में थाना क्योलड़िया में भारतीय न्याय संहिता की धारा 312, 313, 109(1), 3(5), 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ पुत्र नन्हे, निवासी अर्शिया भोज, थाना बहेड़ी, बरेली (पैर में गोली लगने से घायल) , मोहम्मद हसीन पुत्र मोहम्मद इजराइल, निवासी करमपुर चौधरी, थाना इज्जतनगर, बरेली, इस्तिकार पुत्र मोहम्मद इस्लाम, निवासी आमखेड़ा, थाना जहानाबाद, पीलीभीत, मुजम्मिल पुत्र शम्सुर अहमद, निवासी अर्शिया भोज, थाना बहेड़ी, बरेली, मोहम्मद रेहान पुत्र तुफैल अहमद, निवासी शेखूपुर, थाना बहेड़ी, बरेली और आसिफ पुत्र बसीर अहमद, निवासी मंडनपुर सुमाली, थाना बहेड़ी, बरेली शामिल हैं।

SP_Singh AURGURU Editor