आगरा के मलपुरा क्षेत्र में बदमाश श्रवण उर्फ राजू उर्फ बिहारी के साथ पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली, तमंचा और चोरी की नकदी बरामद
आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र में हुई नकबजनी और चोरी की वारदात के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस चेकिंग अभियान के दौरान बदमाश ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान श्रवण उर्फ राजू उर्फ बिहारी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना मलपुरा क्षेत्र में हाल ही में नकबजनी और चोरी की घटना सामने आई थी, जिसके खुलासे के लिए पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में दिनांक 08/09 मई 2026 की रात थाना मलपुरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया।
बताया गया है कि पुलिस को देखकर अभियुक्त ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अभियुक्त के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त श्रवण उर्फ राजू उर्फ बिहारी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर, चोरी की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई है। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि वह क्षेत्र में हुई अन्य चोरी और नकबजनी की घटनाओं में भी शामिल हो सकता है।