कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के घर की तलाशी लेने के लिए पुलिस को गेट का ताला तोड़ना पड़ा, सहयोगी की तलाश में तड़के तीन बजे दी गई दबिश, कार्रवाई से बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार तड़के उस समय हलचल मच गई, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता में कालीघाट स्थित आवास पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम उनके सहयोगी सुमित रॉय की तलाश में पहुंची थी, जिसकी एक आपराधिक मामले में तलाश की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को उसकी मोबाइल लोकेशन अभिषेक बनर्जी के आवास के आसपास मिली थी, जिसके बाद टीम ने वहां पहुंचकर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार पुलिस का दल शनिवार तड़के करीब तीन बजे अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खुलने का इंतजार किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद घर के विभिन्न हिस्सों में करीब पांच घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की, लेकिन जिस व्यक्ति की तलाश में टीम पहुंची थी, वह वहां नहीं मिला।
अभिषेक बनर्जी के घर पर पुलिस कार्रवाई की सूचना मिलते ही टीएमसी प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी उनके आवास पर पहुंच गईं। इस घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई। टीएमसी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक प्रताड़ना करार दिया, जबकि जांच एजेंसियों का कहना है कि यह कार्रवाई एक चल रही आपराधिक जांच का हिस्सा है।
गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी हाल के समय में एक मामले में सीआईडी के समक्ष पेश हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान बरामद किसी सामग्री अथवा जांच से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा नहीं किया है। मामले की जांच जारी है।
Top of Form