फतेहपुर सीकरी में होली पर छत का टट्टर उखाड़कर चोरी करने वाला चोर पुलिस ने दबोचा, सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद

आगरा के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में होली के दौरान सूने मकान में चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने घर की छत का टट्टर उखाड़कर नकदी और जेवरात चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।

Mar 12, 2026 - 21:29
 0
फतेहपुर सीकरी में होली पर छत का टट्टर उखाड़कर चोरी करने वाला चोर पुलिस ने दबोचा, सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद
थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस द्वारा चोरी के जेवरात के साथ गिरफ्तार किया गया चोर।

आगरा। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में होली के दौरान एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविंद्र कुमार पुत्र निहाल सिंह, निवासी नगला मालियान, इस्लामगंज थाना फतेहपुर सीकरी होली के अवसर पर अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। इसी दौरान उनके बंद मकान को चोर ने निशाना बना लिया।

परिवार के लौटकर घर आने पर पता चला कि अज्ञात चोर मकान की छत का टट्टर उखाड़कर घर में घुसा था। चोर घर से आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दौरा रोड पर मजार से आगे इस्लामगंज जाने वाले रास्ते से आरोपी असगर पुत्र सुक्की, निवासी पीपलमंडी, दौरेठा, थाना शाहगंज, आगरा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसी ने होली के आसपास नगला मालियान के तालाबंद मकान में चोरी की थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं। इनमें पीली धातु (सोने) की दो चेन, पीली धातु की चार अंगूठियां और सफेद धातु (चांदी) की दो जोड़ी पायल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार चोरी के दौरान घर से 1700 रुपये नकद भी चोरी किए गए थे, जिनमें से आरोपी के पास से केवल 160 रुपये ही बरामद हुए। बाकी रुपये आरोपी खर्च कर चुका था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor