यमुना ब्रिज क्षेत्र से अपह्रत दलित युवती को पांच मार्च तक बरामद करने का पुलिस का वायदा

आगरा। यमुना ब्रिज क्षेत्र से 7 दिसंबर 2025 को अपहृत दलित युवती का लगभग तीन महीने बाद भी पता नहीं चला है। इसी मामले को लेकर आज सामाजिक कार्यकर्ता भावना वरदान शर्मा ने थाना एत्मादुद्दौला पहुंचकर थाना प्रभारी से बात पुलिस की अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने भरोसा दिया है कि पांच मार्च तक अपह्रत युवती की बरामदगी कर ली जाएगी। कार्रवाई अंतिम चरण में है।

Mar 2, 2026 - 22:43
 0
यमुना ब्रिज क्षेत्र से अपह्रत दलित युवती को पांच मार्च तक बरामद करने का पुलिस का वायदा

पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना एत्मादौला पर मुकदमा अपराध संख्या 379/2025, धारा 87 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है। डीसीपी सिटी आगरा द्वारा यह आश्वासन दिया गया है कि अपहृता की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारी एत्मादौला को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। अग्रिम कार्रवाई और हरसंभव मदद के लिए एसएचओ को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है।

थाना एत्मादौला से आज सामाजिक कार्यकर्ता भावना वरदान शर्मा और अपहृत युवती के माता-पिता को यह स्पष्ट आश्वासन दिया गया है कि 5 मार्च तक युवती को अनिवार्य रूप से बरामद कर आगरा लाया जाएगा और परिजनों को सौंपा जाएगा। इस भरोसे के बाद परिवार को कुछ राहत मिली है, हालांकि वे अब भी बेटी से मिलने की प्रतीक्षा में हैं।

पुलिस ने अपहरणकर्ता के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेकर उसकी गतिविधियों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि अपहरणकर्ता युवती को अलग-अलग शहरों में विभिन्न ठिकानों पर बंधक बनाकर रखता रहा। मोबाइल ट्रैकिंग के माध्यम से पुलिस को न केवल आरोपी का स्थायी ठिकाना बल्कि युवती की वर्तमान लोकेशन भी प्राप्त हो चुकी है, जिसके बाद पुलिस टीम सक्रिय कार्रवाई में जुट गई है।

परिजनों के अनुसार, 7 दिसंबर 2025 को युवती घर के पास ही कुछ सामान लेने गई थी, जहां से वह अचानक लापता हो गई। बाद में युवती ने फोन पर माता-पिता को बताया था कि उसे बंधक बनाकर रखा गया है और उसके साथ हिंसात्मक व्यवहार हो रहा है। उसने रोते हुए घर वापस लाने की गुहार लगाई थी। तभी से परिवार लगातार पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor