आगरा में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 5 जुआरी गिरफ्तार, ₹60 हजार बरामद

आगरा के थाना नाई की मंडी क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जुए के अड्डे पर छापा मारकर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से ₹60,000 नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

May 27, 2026 - 18:10
 0
आगरा में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 5 जुआरी गिरफ्तार, ₹60 हजार बरामद
पुलिस की गिरफ्त में पांचों जुआरी।

आगरा। थाना नाई की मंडी पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय जुआ अड्डे पर छापा मारकर पांच अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹60,000 नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में खलबली  मच गई।

पुलिस के अनुसार, थाना नाई की मंडी टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि मदन नाई की मंडी मार्ग पर कुछ लोग अवैध रूप से ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और छापा मार कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमल सिंह, सुरेन्द्र उर्फ गोलू, सुरेन्द्र बाबू, निशान्त और अभिषेक धाकड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से जुए में इस्तेमाल की जा रही नकदी और ताश की गड्डी बरामद की।

थाना पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह जुआ अड्डा लंबे समय से संचालित हो रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।