24 घंटे में पुलिस का एक्शन, नाबालिग को भगाने वाला गिरफ्तार, किशोरी सकुशल बरामद
आगरा के थाना बमरौली कटारा पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
आगरा। थाना बमरौली कटारा पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 23 जून को थाना बमरौली कटारा क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी को आरोपी दीपक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन कर किशोरी और आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने एत्मादपुर मदरा अंडरपास के पास से आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नाबालिग किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में इस प्रकरण का भी 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।