चौधरी अजित सिंह की विरासत पर आगरा से सियासी हुंकार: पांचवीं पुण्यतिथि पर रालोद ने लिया संगठन विस्तार और गांव-गांव संदेश का बड़ा संकल्प
आगरा। राष्ट्रीय लोकदल के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर शहर के आशीर्वाद गार्डन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा सियासी संकल्प सभा में बदल गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए न केवल उनके आदर्शों को याद किया, बल्कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का जोरदार ऐलान भी किया। पूर्व सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी भी इस दौरान मौजूद रहे।
लोकदल की पुरानी ताकत लौटाने का संकल्प
कार्यक्रम में वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के दौर के लोकदल को पुनः स्थापित करने का संकल्प लिया। एकजुटता, संगठन विस्तार और किसान-आधारित राजनीति को फिर से मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला ने की, जबकि संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने किया।
केसी त्यागी का बड़ा बयान- बदलती राजनीति में भी अजित सिंह की सोच प्रासंगिक
पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता के.सी. त्यागी ने कहा कि चौधरी अजित सिंह उच्च शिक्षित होने के बावजूद जमीन से जुड़े नेता रहे और किसानों, गरीबों व युवाओं के हित में जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने 1996 के राजनीतिक परिदृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि परिस्थितियां अलग होतीं तो अजित सिंह देश के प्रधानमंत्री बन सकते थे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब जिम्मेदारी है कि जयंत चौधरी को उसी ऊंचाई तक पहुंचाया जाए। गांव-गांव संदेश पहुंचाओ का नारा देते हुए संगठनात्मक एकता पर विशेष बल दिया।
विधायक और एमएलसी ने गिनाए किसान हित के फैसले
सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी (गुड्डू चौधरी) ने कहा कि अजित सिंह ने किसानों पर इनकम टैक्स न लगने देकर ऐतिहासिक कार्य किया।
विधान परिषद सदस्य योगेश नौवहार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनका राजनीतिक जीवन अजित सिंह की देन है। उन्होंने बाजना आंदोलन और दिल्ली किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए अजीत सिंह की भूमिका को ऐतिहासिक बताया।
संगठन मजबूत करने का दोहराया संकल्प
राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के लिए किए गए कार्यों को याद किया। सभी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक एकता, किसान हित और संगठन सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
साथ ही जयंत चौधरी के नेतृत्व को मजबूत करने और उनकी राजनीतिक पकड़ को दिल्ली से लखनऊ तक और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।
मंच पर दिखी मजबूत एकजुटता
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर और नरेंद्र बघेल, प्रदेश महासचिव डॉ. खेम सिंह राजपूत प्रदेश सचिव डॉ. रुपेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष ब्रजेश चाहर, जिला अध्यक्ष गोविंद शर्मा, पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र वर्मा एडवोकेट, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव मालती चौधरी, ब्रज क्षेत्र महासचिव पुरुषोत्तम त्यागी, प्रदेश सचिव सुजाता, प्रदेश महासचिव महेश कुमार जाटव, मानव चौधरी, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री सत्यवीर सिंह रावत, युवा लोकदल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र निमेश, पूर्व युवा रालोद जिला अध्यक्ष मयंक खिरवार सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा सौरभ गुप्ता, आलोक चौधरी, गणेश जी, लाल निषाद, मास्टर सुरेंद्र सिंह, सविता अजय वर्मा, सोनू वर्मा, मौनू उपाध्याय, भूदेव प्रधान, महामंत्री राहुल जूरैल, भीम सिंह बघेल, गंगाराम पैलवार, रणधीर सिंह काका, सुजान सिंह, प्रधान बलदेव सिंह, मुकेश पहलवान, रामवीर सिंह मीणा, सतपाल सिंह, पूर्व प्रधान सत्यवीर चाहर, बाबूलाल वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।