महिला आरक्षण पर सियासत गरम: महिलाओं के अपमान के विरोध में 23 से 25 अप्रैल तक आगरा में निकलेगी मंडलवार जन आक्रोश पदयात्राएं, बड़ी सभा भी होगी
आगरा। महिला आरक्षण के मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है। बुधवार को जयपुर हाउस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबीरानी मौर्य, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए ऐलान किया कि महिलाओं के अपमान का जवाब अब सड़कों पर दिया जाएगा। 23, 24 और 25 अप्रैल को भाजपा संगठन के मंडल स्तर की ‘जन आक्रोश पदयात्राएं’ निकाली जाएगी, जिसके बाद विशाल जनसभा का आयोजन होगा।
महिलाओं का अपमान अब बर्दाश्त नहीं
कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण बिल को गिराना विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता का प्रमाण है। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल हमेशा महिलाओं के अधिकारों को दबाने का काम करते रहे हैं।
मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने दो टूक कहा कि महिलाओं का अपमान विपक्ष को बहुत महंगा पड़ेगा। देश की नारी अब जाग चुकी है और चुनाव में करारा जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्ष इसे रोककर अपनी संकीर्ण सोच दिखा रहा है।
तीन दिन तक मंडलवार ‘जन आक्रोश पदयात्रा’
भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में 23 से 25 अप्रैल तक पूरे आगरा में मंडलवार पदयात्राएं निकाली जाएंगी। इन पदयात्राओं में बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी और इसके माध्यम से विपक्ष के खिलाफ जनमत तैयार किया जाएगा। इसके बाद शहर में एक बड़ी जनसभा भी आयोजित की जाएगी।
मोदी सरकार ने महिलाओं को दिया सम्मान
भाजपा नेत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि 2014 के बाद महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। कन्या सुमंगला योजना, मातृ वंदना योजना, जनधन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी पहलें महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बना रही हैं।
परिवारवाद बनाम महिला सशक्तिकरण
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने आरोप लगाया कि विपक्ष आम महिलाओं को आगे बढ़ाने के बजाय केवल अपने परिवार की महिलाओं को ही अवसर देना चाहता है। उन्होंने कहा कि अब देश की महिलाएं इस सच्चाई को समझ चुकी हैं और चुनाव में इसका जवाब जरूर देंगी।
बड़ी संख्या में रहीं महिला कार्यकर्ता मौजूद
इस संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला आयोग की पूर्व सदसय् डॊ. निर्मला दीक्षित सहित भाजपा महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। सभी ने एकजुट होकर महिला सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।