एनसी वैदिक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल प्रशांत सिंह निलंबित, गंगासिंह बने कार्यवाहक प्राचार्य, सात वर्षों से प्रधानाचार्य पद को लेकर जारी विवाद ने लिया नया मोड़, वरिष्ठ लिपिक भी निलंबित
आगरा। सुल्तानपुरा स्थित नारायणदास छज्जूमल (एनसी) वैदिक इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद को लेकर वर्ष 2019 से चला आ रहा विवाद एक बार फिर गहरा गया है। कॉलेज प्रबंधतंत्र ने 6 जून को प्रधानाचार्य प्रशांत सिंह को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही वरिष्ठ प्रवक्ता गंगासिंह को कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त कर उन्हें कार्यभार सौंप दिया गया है। वहीं, एक अध्यापिका की नियुक्ति से जुड़े प्रकरण में विद्यालय के वरिष्ठ लिपिक जितेंद्र सिंह को भी निलंबित कर आरोप पत्र जारी किया गया है। इन घटनाक्रमों के बाद कॉलेज में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
प्रबंधतंत्र ने गंगा सिंह को सौंपी कमान
प्रबंधतंत्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ प्रवक्ता गंगा सिंह को कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है। उन्होंने कॉलेज का कार्यभार संभाल लिया है। वर्तमान में वह सिकंदरा क्षेत्र में निवास करते हैं और आगामी 31 मार्च 2027 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
2019 से लगातार विवादों में है प्रधानाचार्य पद
एनसी वैदिक इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद को लेकर विवाद कोई नया नहीं है। वर्ष 2019 से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। प्रधानाचार्य प्रशांत सिंह को इससे पहले 2021 और 2024 में भी प्रबंधतंत्र द्वारा पद से हटाया जा चुका था। दोनों बार उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और उच्च न्यायालय से राहत मिलने के बाद पुनः प्रधानाचार्य पद पर कार्यभार ग्रहण किया। न्यायालय के आदेश के बाद वह 5 जून 2026 तक प्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत रहे, लेकिन एक बार फिर 6 जून को उन्हें निलंबित कर दिया गया।
वरिष्ठ लिपिक जितेंद्र सिंह भी निलंबित
कॉलेज में एक अध्यापिका की नियुक्ति से जुड़े प्रकरण में वरिष्ठ लिपिक जितेंद्र सिंह के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। प्रबंधक राजबहादुर गुप्ता ने उन्हें आरोप पत्र जारी करते हुए निलंबित कर दिया है। बताया गया है कि यह कार्रवाई एक शिक्षिका की ज्वाइनिंग प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के संबंध में की गई है।
नई शिक्षिका ने ग्रहण किया कार्यभार
प्रबंधक राजबहादुर गुप्ता ने श्रीमती सोनिया भगौर को 17 जून को विद्यालय में कार्यभार ग्रहण कराया। उनकी उपस्थिति विद्यालय की उपस्थिति पंजिका में भी दर्ज करा दी गई है। इस घटनाक्रम को लेकर कॉलेज में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
फिर सुर्खियों में आया एनसी वैदिक इंटर कॉलेज
लगातार बदलते प्रशासनिक फैसलों और प्रधानाचार्य पद को लेकर चल रहे लंबे विवाद के कारण एनसी वैदिक इंटर कॉलेज एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है। अब इस मामले में आगे क्या कानूनी और प्रशासनिक स्थिति बनती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
(ताज सिटी न्यूज से साभार) Top of Form