प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में श्रमिकों को सलाम: बुद्ध पूर्णिमा के संदेश संग बच्चों ने दिखाई संवेदना, हेल्पर्स से लेकर ड्राइवर तक को सम्मान देकर रचा प्रेरक उदाहरण
आगरा। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा ने संवेदना, सम्मान और संस्कार का ऐसा संगम प्रस्तुत किया, जिसने हर उपस्थित व्यक्ति को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में न केवल श्रमिकों के योगदान को सराहा गया, बल्कि भगवान बुद्ध के शांति और करुणा के संदेश को भी आत्मसात करने का प्रेरक आह्वान किया गया।
विद्यालय में 1 मई को आयोजित इस विशेष सभा का आयोजन ओरायन सदन के छात्रों द्वारा किया गया, जिसकी शुरुआत गायत्री मंत्र और राष्ट्रगीत के साथ हुई। कार्यक्रम में आज के दिन की दोहरी महत्ता, अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
कार्यक्रम में कक्षा 3 के नन्हे विद्यार्थियों ने श्रम और श्रमिकों के महत्व पर मनमोहक कविता पाठ किया। वहीं कक्षा 3 से 5 तक के छात्रों ने रोल-प्ले के माध्यम से विद्यालय के श्रमिकों के योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।
विद्यालय के गायन समूह द्वारा प्रस्तुत विशेष गीत ने पूरे वातावरण को भावनात्मक ऊर्जा से भर दिया।
सबसे खास पल: जब छात्रों ने जताया आभार
सभा का सबसे आत्मीय और मार्मिक क्षण वह रहा, जब छात्रों ने विद्यालय के हेल्पर्स, गार्ड, ड्राइवर, कंडक्टर, चपरासी और सफाई कर्मचारियों को अपने हाथों से बनाए गए धन्यवाद कार्ड भेंट किए। इस पहल ने बच्चों के भीतर छिपी संवेदनशीलता और संस्कारों को उजागर कर दिया।
प्रबंधन का संदेश: श्रमिक ही नींव
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी श्रमिकों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल कक्षाओं में नहीं, बल्कि इन कर्मठ कर्मचारियों के परिश्रम से भी होता है। उन्होंने सभी को विद्यालय परिवार की मजबूत नींव बताते हुए उनके सम्मान को सर्वोपरि बताया।
साथ ही उन्होंने भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि किताबें ज्ञान देती हैं, लेकिन श्रमिक वर्ग बच्चों को परिश्रम, अनुशासन और सेवा का वास्तविक पाठ सिखाता है।
कार्यक्रम का संचालन छात्रा आरोही और सनिका ने प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि कक्षा 11 की छात्रा अनन्या गुप्ता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।