आदिनाथ पंचकल्याणक महोत्सव की तैयारी तेज: एमडी जैन की सभा में समाज ने लिया भव्य आयोजन का संकल्प
आगरा। आगामी 23 से 27 अप्रैल तक श्री सर्वतोभद्र जिनालय, बल्केश्वर द्वारा एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड, हरीपर्वत में आयोजित होने जा रहे श्री आदिनाथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों को लेकर शनिवार को आचार्य शांतिसागर सभागार, एम.डी. जैन इंटर कॉलेज में एक महत्वपूर्ण विशेष सभा आयोजित की गई। यह महोत्सव मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंत सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
सभा में आगरा नगर के विभिन्न जैन संगठनों, महिला मंडलों, युवा मंडलों, पंचकल्याणक पात्रों तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर महोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
महोत्सव की रूपरेखा पर हुआ विस्तृत मंथन
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ, जिसके बाद महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा पर चर्चा करते हुए आयोजन को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से यादगार बनाने का संकल्प लिया गया।
सभा में आयोजन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन और उनके दायित्वों पर विस्तार से विचार किया गया, ताकि सभी कार्य योजनाबद्ध तरीके से संपन्न हो सकें।
घटयात्रा, साड़ी कूपन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर चर्चा
बैठक में आगामी पंचकल्याणक महोत्सव से जुड़ी प्रमुख गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से घटयात्रा की तैयारियों, साड़ी कूपन वितरण व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और धार्मिक अनुष्ठानों के संचालन को लेकर समाजजनों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
चयनित पात्रों का हुआ अभिनंदन
सभा के दौरान अब तक चयनित पंचकल्याणक महोत्सव पात्रों का अभिनंदन भी किया गया। उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ पात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें आगामी धार्मिक आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि पंचकल्याणक महोत्सव जैन समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें भगवान आदिनाथ के पंचकल्याणक के पावन प्रसंगों का मंचन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाते हैं।
समाज को जोड़ने का लिया संकल्प
सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में विभिन्न समितियां सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटेंगी और समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस महोत्सव से जोड़ा जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक जागरूकता, सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
सभा का संचालन पंचकल्याणक महोत्सव के मुख्य संयोजक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। इस अवसर पर प्रदीप जैन पीएनसी, अध्यक्ष निर्मल मोठया, महामंत्री पारस जैन कंसल, कोषाध्यक्ष राजीव जैन, स्वागताध्यक्ष रोहित जैन अहिंसा, आगरा दिगंबर परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, राकेश जैन पर्देवाले समेत ब़ड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।