बरेली में अग्निवीर भर्ती की तैयारी तेज, 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थी 14 सितंबर से लगाएंगे दौड़

-आरके सिंह- बरेली। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती रैली के लिए बरेली में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जाट रेजीमेंट केंद्र, बरेली परिसर में 14 से 30 सितंबर तक भर्ती आयोजित होगी, जिसमें बरेली समेत उत्तर प्रदेश के 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। भर्ती को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए सेना और जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

Sep 3, 2026 - 20:15
 0
बरेली में अग्निवीर भर्ती की तैयारी तेज, 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थी 14 सितंबर से लगाएंगे दौड़
प्रतीकात्मक इमेज।

तैयारियों को लेकर जाट रेजीमेंट केंद्र परिसर में बैठक हुई। इसमें अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अविनाश त्रिपाठी, सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक रजनीश अइययर, सूबेदार अनिल कुमार, नायब सूबेदार संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक और पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल सहित सेना, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भर्ती स्थल पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण भी किया। अपर जिलाधिकारी नगर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

भर्ती में बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परिवहन विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और संभावित जाम से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम तैयार रखने तथा नगर विकास से जुड़े अधिकारियों को स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

सेना के अधिकारियों ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों से समय पर भर्ती स्थल पहुंचने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की गई है। उन्हें अफवाहों और दलालों से सावधान रहने को भी कहा गया है।

सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक ने अभ्यर्थियों से विशेष रूप से कहा है कि वे अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर साथ रखें और भर्ती के लिए जरूरी सभी दस्तावेज अनिवार्य रूप से लेकर आएं।

SP_Singh AURGURU Editor