टीटीजेड की जकड़न तोड़ने की तैयारी: उद्योगों को बिजली कनेक्शन, 700 एकड़ में इंडस्ट्रियल पार्क और निर्यात के नए रास्तों पर चैंबर को मिला केंद्र का बड़ा संकेत
आगरा। ताजनगरी के उद्योगों पर टीटीजेड की बंदिशों के बीच अब राहत की उम्मीद जगी है। विगत दिवस आगरा आए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल से मुलाकात के दौरान नेशनल चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर मंत्री ने गंभीर रुख दिखाते हुए कई अहम फैसलों के संकेत दिए। टीटीजेड में बिजली कनेक्शन, इंडस्ट्रियल पार्क, लीजहोल्ड-फ्रीहोल्ड और निर्यात संभावनाओं को लेकर केंद्र स्तर पर तेजी से पहल की बात सामने आई है।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि टीटीजेड की शर्तों के चलते आगरा में नए उद्योगों की स्थापना और विस्तार लगभग ठप हो चुका है। मौजूदा समय में गैस आपूर्ति में कटौती और बिजली कनेक्शन न मिलने से उद्योग गहरे संकट में हैं, जबकि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बिजली कनेक्शन पर कोई रोक नहीं है। इस पर मंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया कि इस मुद्दे को प्राथमिकता के साथ सुलझाया जाएगा।
टीटीजेड की जटिलताओं पर कानूनी राय लेने के लिए सोलिसीटर जनरल तुषार मेहता, प्रदेश सरकार और वाणिज्य मंत्रालय के बीच संयुक्त बैठक कर लीगल ओपिनियन लेने की बात कही गई। इससे उद्योगों को राहत देने के रास्ते साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुलाकात में आगरा से युवाओं के पलायन और ‘ब्रेन-ड्रेन’ का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया। चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों की स्थापना ही इस समस्या का समाधान है। इस पर मंत्री ने मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी को निर्देश देते हुए आगरा से नोएडा के बीच 500 से 700 एकड़ भूमि चिन्हित कर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। इस पार्क में आईटी, ऑटोमोबाइल और स्पाइस जैसे विभिन्न क्षेत्रों के उद्योग स्थापित किए जाएंगे।
इसके साथ ही औद्योगिक आस्थानों को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड करने की मांग पर भी मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से इस विषय पर वार्ता करने का भरोसा दिलाया। चैम्बर के अनुरोध पर दिल्ली में दूसरे चरण की बैठक शीघ्र आयोजित करने का आश्वासन भी दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई। चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॊड मैक्ले से भेंट कर निर्यात संभावनाओं पर चर्चा की। न्यूजीलैंड सरकार की ओर से प्रतिनिधिमंडल को वहां आकर औद्योगिक संवाद करने का निमंत्रण दिया गया, जिसे स्वीकार करते हुए चैम्बर ने जल्द ही दौरा करने की बात कही।
चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने विश्वास जताया कि इस उच्चस्तरीय वार्ता के सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आएंगे और आगरा के उद्योगों को नई दिशा मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद गर्ग और कोषाध्यक्ष विनय मित्तल प्रमुख रूप से शामिल रहे।