आगरा में हरित क्रांति की तैयारी तेज, डीएम ने शास्त्रीपुरम में कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
आगरा में 12 जुलाई को होने वाले ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शास्त्रीपुरम डी-ब्लॉक स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गड्ढों की खुदाई, साफ-सफाई, मंच निर्माण और बैठने की व्यवस्था जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। जिले में इस अभियान के तहत वन विभाग समेत विभिन्न विभागों की ओर से कुल 53.94 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
आगरा। जनपद में आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को शास्त्रीपुरम डी-ब्लॉक स्थित प्रस्तावित पौधारोपण स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधारोपण कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पौधारोपण के लिए खोदे जा रहे गड्ढों के कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थल को विभिन्न थीम आधारित खंडों में विकसित किया जाए, जहां औषधीय और हर्बल पौधों के साथ-साथ पोषण वाटिका तथा फलदार वृक्षों का भी रोपण किया जाए।
डीएम मनीष बंसल ने जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की समुचित साफ-सफाई कराने, आगंतुकों और जनप्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, मंच निर्माण तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का बड़ा अभियान है, जिसमें सभी विभागों को समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।
12 जुलाई को होगा मुख्य कार्यक्रम
जिलाधिकारी ने बताया कि रविवार, 12 जुलाई को शास्त्रीपुरम डी-ब्लॉक में मुख्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह समेत जनपद के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके अलावा शासन की ओर से जनपद के नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग डॉ. हरिओम भी कार्यक्रम में शामिल होकर पौधारोपण करेंगे।
जनपद में लगाए जाएंगे करीब 54 लाख पौधे
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत आगरा जनपद में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। वन विभाग की ओर से करीब 19 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जबकि अन्य विभागों के सहयोग से कुल 53 लाख 94 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न विभाग प्रशासनिक समन्वय के साथ व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान को अंजाम देंगे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी राजेश कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।