श्रीजगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, हरिनाम संकीर्तन के साथ शहरवासियों को दिया महोत्सव का निमंत्रण
आगरा। शहर में 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा को लेकर आध्यात्मिक माहौल लगातार गहराता जा रहा है। रथयात्रा महोत्सव के प्रचार-प्रसार के तहत रविवार को इस्कॉन आगरा की ओर से बल्केश्वर महादेव मंदिर और जिफेन्स एस्टेट स्थित दुर्गा मंदिर से दो भव्य आमंत्रण यात्राएं निकाली गईं। इस दौरान शहरवासियों को 14 जुलाई के नयन उत्सव तथा 16 जुलाई की भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में परिवार सहित शामिल होने का निमंत्रण दिया।
रविवार को इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु के नेतृत्व में बल्केश्वर महादेव मंदिर से भव्य आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जो हरिनाम संकीर्तन के साथ नृत्य और भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़े। मृदंग, मंजीरे और ढोलक की मधुर धुनों से पूरा बल्केश्वर और कमला नगर क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
आमंत्रण यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीजगन्नाथ के जयघोष के बीच यात्रा पर पुष्पवर्षा की, जबकि अनेक लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों से भगवान को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा सिटी मॉल, न्यू आदर्श नगर, पानी की टंकी, महाराजा अग्रसेन मार्ग और महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से होती हुई रश्मि नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
आमंत्रण यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने शहरवासियों से 14 जुलाई को आयोजित होने वाले नयन उत्सव तथा 16 जुलाई को निकलने वाली भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में परिवार सहित शामिल होने का आग्रह किया।
इस्कॉन आगरा के अनुसार, नयन उत्सव के दिन भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा महारानी 14 दिनों के विश्राम के बाद पुनः भक्तों को दर्शन देंगे। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार प्रातः 6 बजे डिफेन्स एस्टेट स्थित दुर्गा मंदिर से भी दूसरी आमंत्रण यात्रा निकाली गई। यह यात्रा बुंदुकटरा क्षेत्र में हरिनाम संकीर्तन करते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी।
संकीर्तन की मधुर ध्वनि से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने लोगों को श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर विकास बंसल, नितेश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, दीपक, प्रह्लाद अग्रवाल, विपिन, रमेश यादव, हर्ष खटाना, ऋषभ, राजीव मल्होत्रा, सूरज, नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रथयात्रा महोत्सव के प्रचार-प्रसार का क्रम सोमवार 13 जुलाई को भी जारी रहेगा। इस दिन सायंकाल संजय प्लेस स्थित आजाद पेट्रोल पंप से आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा कॉसमॉस मॉल होते हुए पूरे संजय प्लेस क्षेत्र में हरिनाम संकीर्तन के साथ भ्रमण करेगी और श्रद्धालुओं को 16 जुलाई की भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देगी।