आगरा में स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े स्थायी प्रोजेक्ट की तैयारी, लायंस क्लब ने बनाई रणनीति

आगरा। आगरा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321सी-2 के द्वारा एक स्थायी सेवा प्रोजेक्ट शुरू करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर संगठन स्तर पर मंथन शुरू हो गया है। गवर्नर इलेक्ट आर.एन. वर्मा ने प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। साथ ही अमेरिका के सहयोग से जनहित में एक प्रभावी स्वास्थ्य सेवा परियोजना शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार हो रहा है।

Jun 23, 2026 - 11:03
 0
आगरा में स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े स्थायी प्रोजेक्ट की तैयारी, लायंस क्लब ने बनाई रणनीति

लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321सी-2 के गवर्नर इलेक्ट आर.एन. वर्मा ने चेंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं लायंस क्लब आगरा आकाश के चार्टर सदस्य तथा पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट के दौरान यह जानकारी दी। मनीष अग्रवाल ने उनका माला एवं पटका पहनाकर स्वागत किया, जबकि आर.एन. वर्मा ने उन्हें लायंस क्लब की पिन भेंट कर सम्मानित किया।

बैठक के दौरान सेवा कार्यों के विस्तार, सदस्यता अभियान और समाजहित की नई योजनाओं पर चर्चा हुई। मनीष अग्रवाल ने आगरा में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक स्थायी प्रोजेक्ट शुरू करने का प्रस्ताव रखा और कहा कि इससे शहर के लोगों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा।

इस पर गवर्नर इलेक्ट आर.एन. वर्मा ने आश्वासन दिया कि वह अपनी टीम के साथ इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेंगे। उन्होंने कहा कि लायन जितेंद्र चौहान की भी इच्छा है कि अमेरिका से सहयोग प्राप्त कर आगरा में एक बेहतर और जनहितकारी स्वास्थ्य सेवा प्रोजेक्ट शुरू किया जाए।

उल्लेखनीय है कि आर.एन. वर्मा का कार्यकाल 1 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य सेवा के इस प्रस्तावित स्थायी प्रोजेक्ट को लेकर संगठन की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

SP_Singh AURGURU Editor