जयपुर हाउस की बदहाल व्यवस्था पर फूटा लोगों का गुस्सा, मेयर को सौंपा 12 सूत्रीय ज्ञापन, सड़क, सीवर, पानी, सफाई और बिजली की समस्याओं पर उठी आवाज, मेयर ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
आगरा। जयपुर हाउस आवासीय वेलफेयर सोसाइटी ने क्षेत्र की बदहाल मूलभूत सुविधाओं को लेकर मेयर की जनसुनवाई में जोरदार तरीके से अपनी आवाज उठाई। सोसाइटी के अध्यक्ष अनिल वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए जयपुर हाउस कॉलोनी की जर्जर सड़कों, धंसे मार्गों, सीवर की खराब व्यवस्था, कम दबाव जलापूर्ति, लटकती केबलों, सफाई व्यवस्था और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान कराने की मांग की। महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर सर्वे कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को बताया कि शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में शामिल जयपुर हाउस के निवासी आज भी मूलभूत नागरिक सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कई स्थानों पर सड़कें धंस चुकी हैं और सीवर चैंबरों के आसपास घटिया निर्माण होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। जलापूर्ति कम दबाव से होने के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जबकि लटकती केबलें भी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनी हुई हैं।
12 सूत्रीय ज्ञापन में उठाईं प्रमुख मांगें
सोसाइटी ने महापौर को दिए ज्ञापन में मांग की कि कॉलोनी की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का सुदृढ़ीकरण कराया जाए तथा कच्ची पटरियों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई जाएं। एडीए की ओर जाने वाली सड़क के धंसे हिस्से का नए सिरे से निर्माण कराया जाए। पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़े के ढेर हटाए जाएं और पार्कों से निकलने वाले कचरे का सप्ताह में कम से कम तीन बार नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि स्ट्रीट लाइटों को ढंक रहे पेड़ों की छंटाई कराई जाए, करंट की आशंका को देखते हुए ओवरहेड बिजली के तारों को भूमिगत कराया जाए तथा एयरटेल कंपनी के बिखरे हुए केबलों को व्यवस्थित कराया जाए। इसके अलावा कॉलोनी में बंदरों और आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए नगर निगम की विशेष टीम सक्रिय करने की मांग भी उठाई गई।
महापौर ने दिया शीघ्र समाधान का भरोसा
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने प्रतिनिधिमंडल की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जनसुनवाई में दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर सर्वे कराने और आवश्यक कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
ये रहे प्रतिनिधिमंडल में शामिल
महापौर से मिले प्रतिनिधिमंडल में पार्षद रेनू गुप्ता, सोसाइटी के उपाध्यक्ष विजय सामा, महासचिव मुकुल गर्ग, गिरिराज बंसल, अरविंद शर्मा 'गुड्डू', रंजीत सामा, अशोक गर्ग, राजेंद्र बत्रा, दिनेश गोयल, पम्मी महाराज, अशोक अरोरा, दिवाकर महाजन, जय कुमार सहित कॉलोनी के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।