पुरुषोत्तम मासः आगरा के मंदिरों में गूंजे जयकारे, कथा, पूजा और दीपावली और मनोरथ उत्सव में उमड़ी आस्था, धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ

आगरा। पुरुषोत्तम (अधिक) मास के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में रविवार को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्म का अनुपम संगम देखने को मिला। कहीं गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन हुआ तो कहीं श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन श्रद्धालुओं को भावविभोर कर गया। वहीं श्रीमथुराधीश मंदिर में दीपावली उत्सव और श्री प्रेमनिधि मंदिर में शिवरात्रि मनोरथ उत्सव के अंतर्गत ठाकुर जी के शिवस्वरूप दर्शन ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दिनभर भजन-कीर्तन, वैदिक अनुष्ठान, महाआरती और प्रसाद वितरण के बीच मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से गुलजार रहे।

Jun 14, 2026 - 22:24
 0
पुरुषोत्तम मासः आगरा के मंदिरों में गूंजे जयकारे, कथा, पूजा और दीपावली और मनोरथ उत्सव में उमड़ी आस्था, धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ
कमला नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में गोवर्धन पूजा के दौरान पंचामृत से गोवर्धन शिला का अभिषेक एवं अन्नकूट भोग अर्पित करते श्रद्धालु।

श्रीहरि के जयकारों संग सम्पन्न हुई गोवर्धन पूजा, पंचामृत से हुआ अभिषेक

कमला नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुई। अशोक, आम, बेला और मोगरा के पुष्पों से सजे मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत से गोवर्धन शिला का अभिषेक किया गया। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी का मनोहारी श्रृंगार किया गया तथा अन्नकूट का विशेष भोग अर्पित किया गया।

मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत धारण करने की स्मृति में मनाई जाती है। हरिनाम संकीर्तन और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर कान्ता प्रसाद अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशु मित्तल, शाश्वत नन्दलाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पुरुषोत्तम मास में दीपावली उत्सव की छटा, मधुराधीश जी मंदिर के फूल बंगले और दीपों ने मोहा मन

प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री ठाकुर मधुराधीश जी महाराज मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत दीपावली उत्सव पर सजे भव्य फूल बंगले के दर्शन करते श्रद्धालु एवं दीपों की अलौकिक छटा।

आगरा। पवित्र पुरुषोत्तम मास के शुभ अवसर पर प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री ठाकुर मधुराधीश जी महाराज मंदिर में रविवार को दीपावली उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को केले के तनों, हरे-भरे पत्तों एवं रंग-बिरंगे सुगंधित पुष्पों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। वृंदावन और कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा तैयार किए गए भव्य फूल बंगले ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दीपों की जगमगाहट और रंग-बिरंगी आतिशबाजी से पूरा मंदिर परिसर अलौकिक आभा से दमक उठा।

मंदिर में भगवान मधुराधीश जी महाराज के समक्ष विशेष फूल बंगला सजाया गया, जिसके दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। संध्या आरती के समय सैकड़ों दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिनकी स्वर्णिम रोशनी से पूरा मंदिर आलोकित हो उठा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान से परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

उत्सव के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान के जयकारे लगाते रहे। रात्रि में रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने उत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।

इस अवसर पर मंदिर के महंत नन्दन श्रोत्रिय, जुगर श्रोत्रिय, मंगुबेन शाह, सरला शाह, भारती शाह, उषा शाह, रीटा शाह, सतीश शाह, उत्तर विधानसभा के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महावीर मंगल, गिराज अग्रवाल, टी.एन. अग्रवाल, जय प्रकाश अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, रैलैश अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

सच्चे भक्त का सम्मान स्वयं भगवान करते हैं : चैतन्य हरिचरत जी महाराज

प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुर में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के अंतिम दिवस सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते भागवताचार्य श्री चैतन्य हरिचरत जी महाराज एवं कथा श्रवण करते श्रद्धालु।

प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के सप्तम एवं अंतिम दिवस कथा व्यास भागवताचार्य श्री चैतन्य हरिचरत जी महाराज ने द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष एवं भागवत महापुराण पूजन का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान केवल निष्काम प्रेम और समर्पण के भूखे होते हैं। सुदामा के मुट्ठीभर चावलों ने भगवान श्रीकृष्ण को इतना भावविभोर कर दिया कि उन्होंने अपने मित्र का जीवन सुख-समृद्धि से भर दिया।

उन्होंने कहा कि सच्ची मित्रता और सच्ची भक्ति ही जीवन का सबसे बड़ा धन है। मुख्य यजमान निरंजन लाल सारस्वत एवं आशा सारस्वत ने व्यासपीठ का पूजन किया।

मंदिर महंत अनंत उपाध्याय एवं संयोजक मनीष अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को हवन, पूर्णाहुति एवं सायंकाल श्री खाटू श्याम जी की भजन संध्या के साथ कथा का विश्राम होगा। इस अवसर पर गोपी गुरु, शकुन बंसल, पार्षद मुरारी लाल गोयल, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, अनंत उपाध्याय, मुकेश शर्मा, आयुष उपाध्याय, पंकज शास्त्री, विकास शर्मा, सुमन सुराना, विजय रोहतगी, अरविंद गुप्ता, अतुल गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, मनोज बंसल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

शिवरात्रि मनोरथ में शिवस्वरूप के दर्शन कर भावविभोर हुए श्रद्धालु

श्री प्रेमनिधि मंदिर, नाई की मंडी में शिवरात्रि मनोरथ उत्सव के दौरान शिवस्वरूप में सुसज्जित ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज के दर्शन करते श्रद्धालु।

कटरा हाथी शाह, नाई की मंडी स्थित ऐतिहासिक श्री प्रेमनिधि मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत शिवरात्रि मनोरथ उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज का विशेष शिवस्वरूप श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

मुख्य सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में भगवान शिव को प्रथम वैष्णव और श्रीकृष्ण का परम भक्त माना जाता है। सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि शिव महिमा पर आधारित विशेष सज्जा के साथ ठाकुर जी को ग्रीष्म ऋतु के अनुरूप ठंडाई का विशेष भोग अर्पित किया गया। देर रात तक भजन-कीर्तन और महाआरती का क्रम चलता रहा।

शिवरात्रि मनोरथ के चरण सेवक राजेश धाकड़ रहे। इस अवसर पर कौशकी, राजकुमार, मोहित अग्रवाल, गोपालदास, राकेश, राजेंद्र, रानू, आशीष, रोहित, कपिल, सागर एवं यश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor