तिलक-कलावा बांध हिंदू बनता रहा कय्यूम, शादी के बाद बोला- धर्म बदलो वरना टुकड़े कर फ्रिज में भर दूंगा, मंदिर में हुई थी मुलाकात, इंजीनियर बनकर जाल में फंसाया, युवती बोली- यह प्यार नहीं ‘लव जिहाद’ था
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कथित ‘लव जिहाद’ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीबीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय युवती ने मुस्लिम युवक कय्यूम पर हिंदू बनकर प्रेमजाल में फंसाने, दुष्कर्म करने, जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी माथे पर तिलक लगाता था, हाथ में कलावा बांधता था और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर खुद को हिंदू युवक राज गुप्ता बताता था।
पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद आरोपी का असली चेहरा सामने आया। उसने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और विरोध करने पर धमकी दी कि टुकड़े करके फ्रिज और सूटकेस में भरकर फेंक दूंगा। मामले की शिकायत एसएसपी से किए जाने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुग्राम में नौकरी के दौरान हुई पहचान
पीड़िता ने बताया कि वह गुरुग्राम की एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करती थी। वर्ष 2023 में एक मंदिर में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम राज गुप्ता बताया। युवक ने खुद को इंजीनियर बताया और पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाज अपनाकर विश्वास जीत लिया। माथे पर तिलक, हाथ में कलावा और मंदिर में पूजा-पाठ देखकर उसे कभी शक नहीं हुआ।
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकातें होने लगीं। इसी दौरान युवती की नौकरी चली गई और वह वापस बरेली लौट आई।
नौकरी और शादी का झांसा देकर होटल ले गया
युवती का आरोप है कि मार्च 2024 के पहले सप्ताह में आरोपी बरेली आया और दोबारा नौकरी लगवाने व शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद वह उसे कार से रामपुर हाईवे स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी कई बार उसके किराए के कमरे पर आया और डरा-धमकाकर जबरन संबंध बनाता रहा। मारपीट भी की गई।
गर्भवती होने पर खिलाई गर्भपात की दवा
युवती ने आरोप लगाया कि वह गर्भवती हुई तो आरोपी कय्यूम ने उससे मंदिर में शादी कर ली। दूसरी बार गर्भवती होने पर धोखे से गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने बेहद खौफनाक धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक, कय्यूम ने कहा कि अगर बात नहीं मानी तो छोटे-छोटे टुकड़े करके फ्रिज और सूटकेस में भरकर फेंक देगा।
कय्यूम के भाई पर भी गंभीर आरोप
पीड़िता ने आरोपी कय्यूम के भाई पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पूरे परिवार ने मिलकर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी।
बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि सीबीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि महिला और आरोपी गुरुग्राम की एक कंपनी में साथ काम करते थे। दोनों ने शादी भी की थी और उनकी 16 महीने की एक बच्ची भी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का असली नाम कय्यूम पुत्र सैफी निवासी मोदीनगर गाजियाबाद है, जिसका मूल निवास संभल जनपद बताया गया है।
एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शुरुआती शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर थाना सीबीगंज में मुकदमा संख्या 221/26 दर्ज किया गया।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।