राहुल गांधी का विवादित बयान, पीएम मोदी, अमित शाह को बताया- गद्दार
राहुल गांधी ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लेकर बेहद विवादित बयान दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री संविधान पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी को गद्दार बताया।
अमेठी। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली दौरे के दौरान महंगाई, बेरोजगारी और संविधान की सुरक्षा के मुद्दों पर घेरते हुए केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बेहद विवादित बयान देते हुए पीएम मोदी और अमित शाह को गद्दार बताया।
राहुल गांधी ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री लोगों से अपील करते हैं कि सोना मत खरीदो, पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करो और दूसरी तरफ खुद महंगी विदेश यात्राओं पर निकल जाते हैं। राहुल गांधी ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह गद्दार हैं।
उन्होंने कहा- नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। फिर से बोलता हूं, नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। उसने अडानी को, अंबानी को और अमेरिका को हिंदुस्तान का आर्थिक सिस्टम पकड़ा दिया है। अब आर्थिक तूफान आ रहा है और नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी। देखना, दो-तीन महीने में आपको पता लग जाएगा। कैसा जबरदस्त झटका लगने वाला है। और आप याद रखना, नरेंद्र मोदी कहेंगे, आपसे कहेंगे, रोएंगे, जैसे कोविड के समय रोया था। जैसे नोटबंदी के समय रोया था। रोएंगे और कहेंगे मेरी गलती नहीं है। और मैं आपको बता रहा हूं कि गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस की है। क्योंकि इन्होंने इसको (संविधान की किताब दिखाते हुए) खत्म किया है।
उन्होंने आगे कहा- नरेंद्र मोदी आपसे कहते हैं कि विदेश मत जाओ। आपसे कहते हैं सोना मत खरीदो। आपसे कहते हैं इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदो। आने वाले समय में किसान के पास खाद नहीं होगा। आर्थिक तूफान आ रहा है। आप देखना, कुछ ही महीनों में महंगाई कहां जाती है। पेट्रोल के दाम कहां जाते हैं। डीजल के दाम कहां जाते हैं, गैस के दाम कहां जाते हैं। दाल चावल के दाम कहां जाते हैं। खुल के प्रधानमंत्री कहते हैं, सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, और फिर हजारों करोड़ रुपये के जहाज में विदेश चले जाते हैं। आप लोग चुप रहते हो।
राहुल गांधी ने दावा किया कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा है. उन्होंने कहा, 'देश में एक बड़ा आर्थिक तूफान आया है। आने वाले तीन-चार महीनों में आप ऐसी महंगाई देखेंगे, जो पहले कभी नहीं देखी होगी। आप खुद देखना कि आने वाले समय में गैस, धान और तेल के दाम कहां पहुंचते हैं.।
राहुल गांधी ने कहा कि सिर्फ खोखले नारों से कुछ नहीं होने वाला है, आज सबसे बड़ी जरूरत इस देश के संविधान की रक्षा करने की है। उन्होंने आरोप लगाया, मोदी, अमित शाह और आरएसएस ने मिलकर संविधान के सारे नियम-कानूनों को खत्म कर दिया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हिंदुस्तान के पूरे आर्थिक सिस्टम को बेच दिया गया है। उन्होंने कहा, 'मोदी ने देश के आर्थिक ऊंचे ढांचे और सिस्टम को उद्योगपतियों और अमेरिका के हाथों सौंप दिया है. अब प्रधानमंत्री कहते हैं कि विदेश मत जाइए और सोना मत खरीदिए।'